गुरुवार, 4 मार्च 2010

समर्थन मूल्य पर गेंहूँ खरीदी में गडबड़ी पर पुलिस कार्रवाई होगी - कलेक्टर

समर्थन मूल्य पर गेंहूँ खरीदी में गडबड़ी पर पुलिस कार्रवाई होगी - कलेक्टर

संबंधित अधिकारियों की बैठक में दिया गया खरीदी व्यवस्था को अंतिम रूप

ग्वालियर, 03 मार्च 2010/ समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी के दौरान सतर्कता बरतें और किसानों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखें। समर्थन मूल्य पर किसानों से गेहूँ की खरीदी मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है, अत: इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी पाये जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही पुलिस कार्रवाई भी की जायेगी। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन की व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए बुलाई गई बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिये। उल्लेखनीय है कि सरकार द्वारा गेहूँ का समर्थन मूल्य 1200 रूपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है, जिसमें 100 रूपये प्रति क्विंटल बोनस शामिल है। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी 15 मार्च से शुरू होगी।

       यहाँ राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में आयोजित हुई बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी श्री आर.के.जैन, उप संचालक मंडी, श्री विजय अग्रवाल, जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती ज्योति शाह नरवरिया उप पंजीयक सहकारिता श्री आर.के.बाजपेयी, जिले के सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारी व तहसीलदार समेत अन्य राजस्व अधिकारी तथा नागरिक आपूर्ति निगम, कृषि, वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन व नाप तौल विभाग सहित समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी से जुड़े अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

       कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने बैठक में स्पष्ट किया कि ऐसी व्यवस्था बनायें, जिससे खरीदी के बाद संबंधित किसानों को 24 से 48 घंटे के भीतर भुगतान हो जाये। उन्होंने कहा कि खरीदी केन्द्र पर किसानों के लिए छाया, पानी व सस्ती दर पर भोजन आदि का प्रबंध भी आवश्यक रूप से करें। खरीदी व्यवस्था को इस प्रकार से अंजाम दें, जिससे किसानों को अपनी बारी का अधिक इंतजार न करना पड़े। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि समर्थन मूल्य पर गेंहूँ की खरीदी केवल किसानों के लिए है, अत: बिचौलियों एवं व्यापारियो को इससे सख्ती से दूर रखें। श्री त्रिपाठी ने कहा समर्थन मूल्य पर खरीदी, भू- अधिकार ऋण पुस्तिका, खसरा व बी-वन आदि अभिलेखों को देख कर की जाये। इस आशय का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे किसान स्वत: ही उक्त अभिलेख लेकर आयें।

       कलेक्टर ने नाप तौल विभाग के अधिकारियों को सभी खरीदी केन्द्रों पर तौल के लिए लगाये जाने वाले काँटो व बाँट की जाँच 15 मार्च तक पूर्ण करने की हिदायत दी। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि सभी खरीदी केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में इलेक्ट्रोनिक काँटे और वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में सामान्य तौल उपकरण व बाँटो की व्यवस्था कर लें। श्री त्रिपाठी ने नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों को खरीदी केन्द्रों पर समय से और पर्याप्त मात्रा में वारदाने की व्यवस्था करने को कहा है। कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी में गड़बड़ी रोकने के लिए निरीक्षण दल गठित करने के निर्देश भी दिये है। इन दलों में सहकारिता खाद्य व अन्य संबंधित विभागों का अमला शामिल रहेगा। इसके अलावा अनुविभागीय दण्डाधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदार भी पृथक से निरीक्षण करेंगे।

       बैठक में गेहूँ की गुणवत्ता परखने के तरीके भी विस्तार से बताये गये। बैठक में बताया गया कि हर खरीदी केन्द्र पर नमी मापक यंत्र भी लगाया जायेगा। गेहूँ की गुणवत्ता के क्या-क्या मापदण्ड हैं उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों से कहा गया है ।

खरीदी केन्द्र तय

       जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी के लिए जिला स्तरीय समिति ने खरीदी केन्द्र तय कर दिये हैं। कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में विस्तृत-विचार विमर्श और किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर इन खरीदी केन्द्रों को अन्तिम रूप दिया गया।

       जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती ज्योतिशाह नरवरिया ने बताया कि मुरार कृषि उपज मंडी के अन्तर्गत रामलीला मैदान में की जाने वाली गेहूँ की खरीदी इस बार ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में की जायेगी। ज्ञात हो रामलीला मैदान में कम जगह होने से किसानों को कठिनाई का सामना करना पड़ता था। जिला आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में नागरिक आपूर्ति निगम के एक खरीदी केन्द्र सहित कुल चार खरीदी केन्द्र काम करेंगें, जिनमें सेवा सहकारी संस्था जौरा, हस्तिनापुर, व बड़ागाँव संस्था शामिल है। इसके अलावा मुरार कृषि उपज मंडी के अन्तर्गत सेवा सहकारी संस्था उटीला द्वारा उटीला में ही खरीदी की जायेगी। कृषि उपज मंडी लक्ष्मीगंज परिसर में सेवा सहकारी संस्था तिघरा, बरौआ, जडेरूआ कला व पुरानी छावनी तथा नागरिक आपूर्ति निगम के एक केन्द्र द्वारा खरीदी की जायेगी।

       जिले की सेवा सहकारी संस्था बेहट, मोहना व बरई द्वारा भी अपने-अपने यहाँ खरीदी की जायेगी। इसी तरह सेवा सहकारी संस्था कछौआ द्वारा कछौआ में और भेंगना संस्था द्वारा भेंगना में खरीदी केन्द्र संचालित किया जायेगा चीनौर कस्बे में सेवा सहकारी संस्था चीनोर समेत सेवा सहकारी संस्था घरसोंदी व करहिया खरीदी केन्द्र संचालित किये जायेंगे। कृषि उपज मंडी डबरा के अन्तर्गत सेवा सहकारी संस्था छीमक द्वारा छीमक में ही खरीदी की जायेगी। डबरा मंडी परिसर में सेवा सहकारी संस्था सालबई, झाड़ौली, सिमरिया, चितावनी व अकवई संस्था खरीदी करेंगीं। डबरा मंडी में नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा भी पांच खरीदी केन्द्र संचालित किये जायेंगे। सेवा सहकारी संस्था करियावटी, किटौरा, हरसी व पिछोर संस्था अपने-अपने यहां समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी करेंगीं। भितरवार कृषि उपज मण्डी परिसर में सेवा सहकारी संस्था मस्तुरा, गड़ाजर, बागवई, मोहनगढ़ संस्था तथा नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा खरीदी केन्द्र संचालित होंगे।  

 

कोई टिप्पणी नहीं: