मंगलवार, 29 जून 2010

जनगणना 2011 : प्रथम चरण में किये गये दस्तावेज 30 जून तक भोपाल भेजे जावें

जनगणना 2011 : प्रथम चरण में किये गये दस्तावेज 30 जून तक भोपाल भेजे जावें

ग्वालियर 23 जून 10 जनगणना का कार्य दो चरणों में किया जाना है। प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जा रहा है। राज्य में जनगणना 2011 के प्रथम चरण यथा मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का  कार्य सम्पन्न  हो गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर तैयार करने का कार्य भी किया गया है।

       कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने बताया कि  इस आधार पर प्रथमत राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर  तैयार किया जाना है, जो कि भारत सरकार की  अत्यन्त महत्वपूर्ण योजना है। राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के आधार पर ही आगामी चरण में 15 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्तियों के फोटो एवं उंगलियों के  निशान एकत्र किये जावेंगे। राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर में एकत्र सभी आंकड़ों को कम्प्यूटरीकरण करके भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण को पहचान संख्या आवंटित करने हेतु सौंपा जावेगा।

       कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम चरण में 22 जून तक किये गये मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य एवं जन संख्या रजिस्टर हेतु परिवार अनुसूसी भरने के कार्य में संबंधित सभी दस्तावेज 30 जून 2010 तक भोपाल भेजे जाना सुनिश्चित किया जाना है। इसके लिये जिला स्तर पर दस्तावेज एकत्र करने का कार्य 25 जून तक पूर्ण कर लिया जायेगा। इसके लिये संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये जाकर कार्य समय सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश दिये गये हैं।

       उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना का कार्य किया जाना है। जिसमें प्रत्येक व्यक्ति के जन सांख्यिकीय एवं महत्वपूर्ण सामाजिक आर्थिक जानकारी एकत्र की जाना है। यह कार्य सम्पूर्ण देश में एक निश्चित अवधि 09 फरवरी 2011 से 28 फरवरी 2011 के दौरान किया जायेगा।

       कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने जनगणना कार्य में लगे सभी शासकीय अधिकारियों -कर्मचारियों से अपेक्षा की है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण एवं राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को पूरी लगन एवं निष्ठा से सफलता पूर्वक पूर्ण करायें।

 

कोई टिप्पणी नहीं: