शुक्रवार, 8 अगस्त 2008

पन्द्रह अगस्त तक शेष बच्चों को पाठयपुस्तक व गणवेश वितरण सुनिश्चित करें-कलेक्टर

पन्द्रह अगस्त तक शेष बच्चों को पाठयपुस्तक व गणवेश वितरण सुनिश्चित करें-कलेक्टर

शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

ग्वालियर 7 अगस्त/08। आगामी 15 अगस्त तक जिले की शेष शासकीय शालाओ में पाठयपुस्तक व गणवेश वितरण सुनिश्चित कर इसका सत्यापन कर लें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलिता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने जिला शिक्षाअधिकारी व जिला परियोजना समन्वयक समेत शिक्षा विभाग के अन्य मैदानी अधिकारियों को दिये हैं। वे आज राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान मे शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा, जिला शिक्षाधिकारी श्री के.के. द्विवेदी, जिला परियोजना समन्वयक सर्वशिक्षा अभियान, जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, व जनपद पंचायतों के मुख्य अधिकारी एवं सभी खण्ड शिक्षाधिकारी व खण्ड स्त्रोत समन्वयक मौजूद थे।

       खासतौर पर ग्रामीण शिक्षण संसथाओ की सतत मोनीटरिंग पर जोर देते हुए कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने कहा शिक्षा विभाग के सभी मैदानी अधिकारी लक्ष्य निर्धारित कर शासकीय शालाओं का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा जिला शिक्षाधिकारी व खण्ड स्त्रोत समन्वयक निरीक्षण की संख्या बढ़ायें और खण्ड शिक्षाधिकारी व खण्ड स्त्रोत समन्वयक हर माह कम से कम 25-25 एवं बी.ए.सी. 40 शिक्षण संस्थाओ का निरीक्षण अवश्य करें। श्री त्रिपाठी ने एस.डी.एम. व जनपद पंचायतो के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को शालाओ का निरीक्षण  कर मध्यान्ह भोजन व शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने तथा पाठय पुस्तक व साइकिल वितरण का सत्यापन करने के निर्देश दिये। साइकिलो की आपूर्ति में आ रही दिक्कत की बात ध्यान में आने पर कलेक्टर ने कहा जिले की शेष बालिकाओं को जल्द से जल्द साइकिलें मिल सके, इसके लिए  इस माह पुन: साइकिल मेले आयोजित करें। साथ ही कंपनियों से सीधे सम्पर्क कर भी साइकिलें प्राप्त करने के प्रयास किये जायें। शाला भवनों के निर्माण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ जल्द -जल्द पूर्ण करने के लिए कहा। बैठक मे बताया गया कि जिले की सभी ग्रामीण प्राथमिक शालाओ के लिए सरकार द्वारा भवन बनवा दिये गये हैं। कलेक्टर ने कहा जिले में एक बार पुन: सत्यापन कर लें, ताकि यदि किसी प्राथमिक शाला में भवन की आवश्यकता हो तो वहाँ भी भवन बनवाया जा सके। बैठक में स्कूल चलें हम अभियान, बालिका छात्रावास, कस्तूरवा गांधी बालिका विद्यालय, मानव विकाश केन्द्र, ब्रिजकोर्स आदि की भी समीक्षा की गई।

हर शाला में होंगे पर्याप्त शिक्षक

राज्य शासन ने हर शाला में शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किये हैं। जिसके तहत संविदा शिक्षकों की भर्ती के अलावा आकर्षक मानदेय पर अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था करने का निर्णय लिया हैं आज सम्पन्न हुई शिक्षा गतिविधियों की समीक्षा बैठक मे कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने जिले की जरूरतमंद शालाओ में 20 अगस्त तक अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं। राज्य शासन के द्वारा लिये गये निर्णय के तहत अब प्राथमिक शाला में दो तथ माध्यामिक शाला में तीन शिक्षको की व्यवस्था आवश्यक रूप से होगी । साथ ही एसी  बसाहट जहां एक किलोमीटर के दायरे में कोई शिक्षण संस्था नहीं हैं वहां कक्षा तीन तक सेटेलाइट शाला भी शुरू की जाएगी।

 

कोई टिप्पणी नहीं: