आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं को अतिरिक्त कार्य के लिए भत्ता मिलेगा
भोपाल 6अगस्त#08। राज्य शासन ने स्कूल शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य विभागों द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से अतिरिक्त कार्य लेने पर उन्हें क्रमश: सौ रूपये व पचास रूपये का अतिरिक्त मानदेय देने का निर्णय लिया है। शासन ने इस संबंध में सभी विभागों के प्रमुख सचिवों और सचिवों को निर्देश जारी किये है।
शासन ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं द्वारा अतिरिक्त कार्य किये जाने पर प्रति दिवस के आधार पर उन्हें उक्त अतिरिक्त मानदेय दिये जाने का निर्धारण किया है। सभी विभागों को कहा गया है कि यदि उनके विभाग द्वारा कोई अतिरिक्त कार्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं से कराया जाता है तो उन्हें क्रमश: 100 रूपये व 50 रूपये प्रतिदिन के मान से अतिरिक्त कार्य विशेष के लिए मानदेय का भुगतान किया जाएं। ऐसे निर्देश प्रमुख सचिव, सचिव अपने अधीनस्थों को भी दे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी थी कि अन्य विभागों द्वारा उनसे बिना अतिरिक्त मानदेय के कार्य कराया जाता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उन्हें अतिरिक्त मानदेय दिये जाने के निर्देश दिये थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें