शनिवार, 9 जनवरी 2010

स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता- कलेक्टर

स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता- कलेक्टर

जोनल अधिकारियों की बैठक सम्पन्न

ग्वालियर 08 जनवरी 10। त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिये मतदान तीन चरणों में कराया जायेगा। प्रथम-चरण में 18 जनवरी को डबरा, द्वितीय चरण में 21 जनवरी को भितरवार तथा तृतीय चरण में 24 जनवरी को मुरार एवं घाटीगांव ब्लॉक में मतदान होगा। सम्पूर्ण जिले के लिये मतदान दलों को सामग्री ग्वालियर से महारानी लक्ष्मीबाई महाविद्यालय से वितरित की जायेगी। उक्त जानकारी जोनल अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने दी। इस मौके पर अपर कलेक्टर श्री आर के. जैन, अपर कलेक्टर श्री विनोद शर्मा एवं समस्त जोनल अधिकारी एवं चिकित्सकगण उपस्थित थे।

      कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने जोनल अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन हो यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केन्द्रों पर निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 23 दस्तावेजों के आधार पर ही मतदान करने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी जोनल अधिकारी मतदान से पूर्व अपने अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का आवश्यक रूप से भ्रमण कर सम्पूर्ण व्यवस्था देख लें। इसके साथ ही अपने अपने क्षेत्र के सेक्टर मजिस्ट्रेट से समन्वय बनाकर कार्य को अंजाम दें।

      उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही एवं कोताही न बरतें। ऐसा पाये जाने पर त्वरित कार्यवाही की जायेगी।

      अपर कलेक्टर श्री आर के. जैन ने बताया कि प्रथम चरण के मतदान 18 जनवरी के लिये मतदान दलों को सामग्री 16 जनवरी को, द्वितीय चरण 21 जनवरी हेतु सामग्री 19 जनवरी को तथा अंतिम चरण 24 जनवरी हेतु सामग्री 22 जनवरी को एम एल बी कॉलेज में वितरित की जायेगी। उन्होंने बताया कि सभी केन्द्रों पर चार पदों हेतु वोट डाले जायेंगे, पचं, सरपंच, जनपद सदस्य तथा जिला पंचायत सदस्य हेतु वोट डाले जायेंगे। पंच पद हेतु मतपत्र सफेद कलर का, सरपंच पद हेतु नीला, जनपद सदस्य  हेतु पीला तथा जिला पंचायत सदस्य हेतु गुलाबी रंग का मतपत्र होगा। मतदान प्रात: 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। मतगणना मतदान केन्द्र पर नहीं की जायेगी। मतदान के पश्चात डबरा ब्लाक की सामग्री डबरा में, भितरवार ब्लाक की सामग्री भितरवार में तथा मुरार एवं घाटीगांव ब्लाक के मतदान दल ग्वालियर में एम एल बी. कॉलेज में मतदान सामग्री जमा करेगे।

      अपर कलेक्टर श्री विनोद शर्मा ने बताया कि जिले में कुल 927 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। डबरा में 262, भितरवार में 134, तथा घाटीगांव एवं मुरार में 431 मतदान केन्द्र हैं। इसके साथ ही मतगणना डबरा की डबरा मुख्यालय पर भितरवार की भितरवार मुख्यालय पर तथा मुरार एवं घाटीगांव की मतगणना एम एल बी. कॉलेज ग्वालियर में की जायेगी।

 

कोई टिप्पणी नहीं: