सोमवार, 11 जनवरी 2010

पल्स पोलियो अभियान : नन्हे मुन्हों को आज पिलाई जायेंगी जिंदगी की दो बूँद

पल्स पोलियो अभियान : नन्हे मुन्हों को आज पिलाई जायेंगी जिंदगी की दो बूँद

ग्वालियर 09 जनवरी 10। नन्हे-मुन्हे बच्चों को पोलियो सुरक्षा कवच पहनाने के लिये 10 जनवरी को पल्स पोलियो अभियान के तहत जिन्दगी की दो बूँद पिलाई जायेंगी। जिले में यह अभियान प्रात: 8 बजे शुरू होगा। पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में जन्म से पाँच वर्ष तक के करीबन 3 लाख 91 हजार 700 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में पल्स पोलियो अभियान को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने के लिये सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं हैं। श्री त्रिपाठी ने अपील की है कि 10 जनवरी को विशेष पल्स पालियो अभियान में सभी जन सक्रिय भागीदारी निभायें और ऐसे प्रयास करें कि जन्म से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे।

      मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना शिंगवेकर ने बताया कि जिले में पल्स पालियो अभियान के लिये कुल 2027 पोलियो बूथ बनाये गये हैं। इनमें से 1012 बूथ शहरी क्षेत्र में एवं 1015 बूथ ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित किये गये हैं। डॉ. शिंगवेकर ने बताया कि पल्स पालियो अभियान को अंजाम देने के लिये 2440 टीम गठित की गई हैं। मेला, हाट बाजार, स्टेशन व बस अड्डों आदि पर दवा पिलाने के लिये 16 चलित इकाइयां भी गठित की गईं हैं। इनके अलावा 107 ट्रान्जिट बूथ भी काम करेंगे। पोलियोरोधी खुराक पिलाने के लिये 4880 वेक्सीनेटर तैनात किये गये हैं। साथ ही 286 पर्यवेक्षक व 250 कर्मचारी सहयोगी स्टॉफ के रूप में तैनात किये गये हैं। अभियान के तहत 11 12 जनवरी को घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाई जायेगी, जो किन्ही वजहों से 10 जनवरी को पोलियो बूथ पर पोलियो टीकाकरण के लिये नहीं पहुँच सके। इस अभियान में विभिन्न शासकीय विभागो के साथ साथ अर्धशासकीय एवं स्वैच्छिक संगठनों का सहयोग भी प्राप्त किया जा रहा है। जिले में पल्स पोलियो अभियान के सुचारू संचालन के लिये 24 घण्टे कण्ट्रोम रूम कार्यरत है, जिसका दूरभाष नंबर 0751-2452994  है।

 

कोई टिप्पणी नहीं: