बुधवार, 13 जनवरी 2010

जिले की शैक्षणिक संस्थाओं में सामूहिक सूर्य नमस्कार आज

जिले की शैक्षणिक संस्थाओं में सामूहिक सूर्य नमस्कार आज

ग्वालियर 11 जनवरी 10। युग दृष्टा स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस के अवसर पर 12  जनवरी को प्रात: 8.30 बजे से सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम प्रारंभ होगा। आकाशवाणी द्वारा प्रात: 9 बजे से इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण 14 केन्द्रों से किया जायेगा। कक्षा 5 से लेकर महाविद्यालय स्तर के सभी छात्र छात्रायें अपनी अपनी शैक्षणिक संस्थाओं में सामूहिक सूर्य नमस्कार और प्राणायाम करेंगे। ग्वालियर जिले की सभी शासकीय और निजी शैक्षणिक संस्थाओं में अध्यनरत साढ़े तीन लाख छात्र छात्रायें सामूहिक सूर्य नमस्कार में भाग लेंगे। प्रदेश के गृह, परिवहन व जेल राज्य मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह गजराराजा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराज बाड़ा में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में भाग लेंगे। कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी द्वारा सभी संस्थाओं में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सूर्य  नमस्कार व प्राणायाम का कार्यक्रम आयोजित किये जाने के निर्देश सभी शाला प्रमुखों को दिये गये हैं। इसके साथ ही सामूहिक सूर्य नमस्कार की मॉनीटरिंग हेतु जिलाधिकारियों को दायित्व भी सौंपे गये हैं।

      जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी आर. ज्ञानानी से प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छात्र छात्रायें सुबह 8.30 बजे संस्थान में एकत्र होंगे, उद्बोधन द्वारा 8.45 बजे तक बच्चों को कतारबध्द किया जायेगा। इसके बाद 8.50 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों का आगमन होगा। इसके उपरांत मध्यप्रदेश के 14 आकाशवाणी केन्द्रों से सीधा प्रसारण किया जायेगा, जिसमें सर्वप्रथम स्वामी विवेकानंद द्वारा 11 सितम्बर 1893 को अमेरिका के शिकागो महासभा में दिये गये भाषण का स्वामी जी की आवाज में प्रसारण होगा, इसके बाद राष्ट्रगीत व वन्देमातरम का गायन तथा सूर्य नमस्कार तथा प्राणायाम संबंधी निर्देशों का प्रसारण किया जायेगा इसके उपरांत बच्चों द्वारा तीन आवृत्ति में सूर्य नमस्कार तथा अनुलोम विलोम, भस्त्रिका तथा भ्रामरी प्राणायाम किया जायेगा।

      श्री ज्ञानानी ने बताया कि शहर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में संस्था प्रमुखों के अतिरिक्त शिक्षक पालक संघ के सदस्य, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष भाग लेंगे। इसके साथ ही श्री एस के. शर्मा, शा उ मा वि. गोरखी , श्री ओ पी. श्रीवास्तव शा उ मा वि. हरिदर्शन, शिक्षा महाविद्यालय श्री विजय दीक्षित, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डबरा में श्री जे एस. श्रीवास्तव, जिला योग प्रभारी श्री अनिल दुबे तथा श्री दीपक पाण्डे शा उ मा वि. क्रमांक-2 मुरार में भागीदारी निभायेंगे।

 

कोई टिप्पणी नहीं: