महापौर द्वारा जाधव कॉलोनी में दोषपूर्ण सीवर, चेम्बर एवं नाली निर्माण करने वाले इंजीनियर को निलंबित करने के निर्देश
ग्वालियर दिनांक 05.09.2009- महापौर विवेक नारायण शेजवलकर द्वारा आज प्रात: जाधव कॉलोनी में नागरिकों की शिकायत पर पिछले एक वर्ष पूर्व डाली गई सीवरलाईन, चैम्बर, डब्ल्यू.बी.एम. रोड कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कार्य की अत्यंत घटिया क्वालिटी सीवर लाईन के चैम्बर में नीचे तली न बनाने, नालियां इत्यादि नहीं बनाने पर महापौर ने संबंधित इंजीनियर को निलंबित करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने कार्य में बरती गई लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुये संबंधित ठेकेदार के विरूद्व भी कार्यवाही करने तथा अंदर 15 दिवस सम्पूर्ण कार्य पुन: कराकर संबंधित ठेकेदार के बिल से राशि वसूल करने के निर्देश अधीक्षणयंत्री नगर निगम चतुर सिंह यादव को दिये।
महापौर महोदय द्वारा इसके साथ-साथ कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वारों पर जो नाला निकल रहा है उस नाले का पटाव भी कराये जाने के निर्देश स्थल पर ही दिये ताकि नागरिकों को आने जाने में असुविधा उत्पन्न न हो।
वर्तमान में जो सीवर लाईन डाली गई थी उसके समस्त चेम्बर निरीक्षण के दौरान टूटे फूटे पाये गये साथ ही क्षेत्रीय निवासियों द्वारा महापौर को अवगत कराया गया कि जिस ठेकेदार द्वारा यह कार्य किया गया है उसको बार-बार अवगत कराने के बावजूद
भी उसने सीवर लाईन का ढलान ठीक नही किया है जिस कारण सीवर का पानी सडक पर एवं उनके घरों में भर रहा है । सीवर का ढलान अगर सही किया जाता तो यह स्थिति इस क्षेत्र में निर्मित नही होती । महापौर ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुये अधीक्षणयंत्री चतुर सिंह यादव को निर्देश दिये कि इस कार्य से संबंधित प्रकरण तत्काल मुझे प्रस्तुत किया जावे।
महापौर द्वारा सहायकयंत्री कीर्तिवर्धन शुक्ला को सख्त हिदायत दी गई कि अगर 15 दिवस के अन्दर मेरे द्वारा बताया गया कार्य नही किया गया तो आप सबके विरूद्व दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी। महापौर ने निरीक्षण के दौरान रहवासियों को विश्वास दिलाया कि उनके द्वारा बताये गये सभी कार्य 15 दिवस के अन्दर पूर्ण करा लिये जावेंगे। उन्होंने कहा कि मेरे द्वारा पुन: 20 सितम्बर को इस क्षेत्र का निरीक्षण किया जावेगा। इसके साथ-साथ क्षेत्र के नागरिकों द्वारा बिजली की समस्या से भी महापौर को अवगत कराया। महापौर ने अपनी निधि से एक खम्बा (पोल) लगाये जाने के निर्देश कार्यपालनयंत्री विद्युत अतिबल सिंह यादव को मौके पर ही दिये।
आज के निरीक्षण के दौरान महापौर विवेक नारायण शेजवलकर के साथ अधीक्षणयंत्री चतुर सिंह यादव, सहायक आयुक्त द्वय जयकृष्ण गौड़, जगदीश शर्मा, क्षेत्राधिकारी क्षेत्र क्र. 13 एवं उपयंत्री क्षेत्र क्र. 13 उपस्थित थे।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें