शनिवार, 12 सितंबर 2009

रोप-वे के लिये अंतिम कवायद - ए.एस.आई. के दल ने किया निरीक्षण

रोप-वे के लिये अंतिम कवायद - ए.एस.आई. के दल ने किया निरीक्षण

ग्वालियर दिनांक 11.09.2009- बहुप्रतीक्षित रोप-वे के निर्माण हेतु ए.एस.आई. का दल आज ए.एस.आई. डायरेक्टर जर्नल ए.के. श्रीवास्तव के नेतृत्व में ग्वालियर उपस्थित हुआ। दल द्वारा स्थानीय सेन्ट्रल पार्क होटल में नगर निगम ग्वालियर की बहुप्रतीक्षित रोप-वे योजना का कम्प्यूटराईज्ड प्रस्तुतीकरण देखा। उक्त प्रस्तुतीकरण निगमायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा तथा नगर निगम ग्वालियर के सिटीप्लानर विष्णु खरे द्वारा कम्प्यूटर पर योजना का प्रजेंटेशन किया गया।

       प्रजेंटेशन के दौरान बताया गया कि नगर निगम ग्वालियर द्वारा ऐतिहासिक किले पर पर्यटकों की अधिक से अधिक उपस्थिति के लिये रज्जु मार्ग लगाने की कार्यवाही   बी.ओ.टी. आधार पर की जा रही है जिसके लिये नगर निगम ग्वालियर द्वारा दामोदर रोप-वे कम्पनी कलकत्ता से अनुबंध निष्पादित किया जा चुका है। उन्हाेंने बताया कि इस कार्य में दामोदर रोप-वे कम्पनी द्वारा स्वयं के व्यय से रोप-वे स्थापित किया जावेगा तथा अनुबंध अवधि पश्चात यह रोप-वे निगम के स्वामित्व का होगा। अनुबंध की अवधि के दौरान ही स्थापित करने वाली कम्पनी द्वारा निगम को वार्षिक शुल्क दिया जावेगा।

       महापौर विवेक नारायण शेजवलकर द्वारा कम्प्यूटर प्रजेटेशन से पूर्व आर.के. लोजीकल सर्वे ऑफ इण्डिया के केन्द्रीय दल से अनुरोध किया कि ग्वालियर शहर में रोप-वे स्थापित करना शहरवासियों का तीस वर्ष पुराना सपना है। नगर निगम ग्वालियर द्वारा इस कार्य के लिये अनुबंध इत्यादि निष्पादित करने की सभी प्रक्रियायें पूर्ण कर ली गई है। यदि ए.एस.आई. का दल स्थल निरीक्षण कर हमें ग्वालियर के किले से फूलबाग तक रोप-वे स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान करता है तो यह शहरवासियों के लिये एक बड़ा उपहार होगा।

       महापौर के अतिरिक्त ग्वालियर की सांसद श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया तथा मुरैना क्षेत्र के सांसद नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा ए.एस.आई. के दल से मुलाकात कर रोप-वे स्थापना हेतु अपनी स्वीकृति देने का अनुरोध किया गया।

       कम्प्यूटर प्रस्तुतीकरण के उपरांत ए.एस.आई. के दल में पधारे डायरेक्टर जर्नल के0के0 श्रीवास्तव, ज्वाईन्ट डायरेक्टर जर्नल डॉ. के.टी. पुनाजा, डायरेक्टर ए.एस.आई. श्री सिन्हा तथा विशेषज्ञ सुबीर शाह एवं डॉ. विष्ट भोपाल से पधारे अधीक्षण पुरातत्व वैधता ताहिर के साथ रोप-वे के लिये प्रस्तावित लॉअर टर्मिनल बारादरी फूलबाग तथा अपर टर्मिनल ग्वालियर किले पर स्थापित किये जाने वाले स्थानों का निरीक्षण करने गये।

       निरीक्षण के दौरान नगर निगम के महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, आयुक्त पवन कुमार शर्मा, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल तथा सिंधिया स्कूल के कर्नल राव, मेयर-इन-कांउसिल के सदस्य दत्तात्रेय भालेराव, राजेन्द्र जेन जिला कलैक्टर ग्वालियर के प्रतिनिधि राजेश बाथम, निगम के अपर आयुक्त सुरेश शर्मा तथा हैदराबाद से पधारे संरक्षण वास्तविक नितिन सिन्हा तथा बीओटी ऑपरेटर नरेश व राजकुमार अग्रवाल भी उपस्थित थे। खबर लिखे जाने तक स्थानीय सेन्ट्रल पार्क होटल में बैठक जारी थी।

 

कोई टिप्पणी नहीं: