मेडीकल कॉलेज के छात्रावासों को सुविधा सम्पन्न बनाने पर एक करोड़ की राशि खर्च
ग्वालियर 12 सितम्बर 09। प्रदेश सरकार द्वारा जहाँ शासकीय अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, वहीं चिकित्सा छात्र-छात्राओं के लिये भी तमाम सुविधायें जुटाई गई हैं। इस कड़ी में शासकीय गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय से जुड़े गर्ल्स व बॉयस हॉस्टल सहित अन्य छात्रावासों को सुविधा सम्पन्न बनाने के लिये बीते करीबन चार साल के दौरान लगभग एक करोड़ रूपये की राशि खर्च की गई है।
जी आर. मेडीकल कॉलेज से प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां पी जी. हॉस्टल में सिविल एवं विद्युतीकरण आदि कार्यों पर करीबन 19 लाख 78 हजार रूपये की राशि खर्च की गई है। इन कार्यों में हॉस्टल की विद्युत फिटिंग, शौचालयों का नवीनीकरण, यहां के बराण्डों में सीमेण्ट कांक्रीट कार्य, दोपहिया वाहन स्टेण्ड का निर्माण, हॉस्टल की रंगाई-पुताई व छत मरम्मत, हॉस्टल के पीछे नाले का निर्माण एवं हॉस्टल को मुख्य पानी की टंकी से जोड़ने संबंधी कार्य शामिल हैं।
इसी तरह सीनियर गर्ल्स हॉस्टल में करीबन 10 लाख 34हजार रूपये की लागत से अधोसंरचनागत व मूलभूत सेवाओं संबंधी कार्य कराये गये हैं। इन कार्यों में हॉस्टल परिसर में सोडियम लाइट, सायकल व स्कूटर स्टेण्ड, शौचालय का नवीनीकरण, बराण्डों व कमरों का प्लास्टर एवं फर्शी मरम्मत, छात्रावास भवन की पुताई तथा यहां के किचिन में मारबल प्लेट फॉर्म आदि कार्य शामिल हैं। वर्तमान में 100 शैय्या वाले सीनियर गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण कार्य जारी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सीनियर बॉयज हॉस्टल में बीते चार वर्षों के दौरान करीबन 37 लाख 71 हजार रूपये की लागत से विभिन्न कार्य कराये गये हैं। इन कार्यों में छात्रावास के पुराने खण्ड में कोटा स्टोन, छात्रावास में विद्युतीकरण, छात्रावास के प्रथम व द्वितीय तल के शौचालयों का नवीनीकरण, छत मरम्मत, भवन की रंगाई-पुताई, सायकल व स्कूटर स्टेण्ड का निर्माण, मैस में डायनिंग हॉल का नवीनीकरण व विद्युतीकरण तथा शौचालयों का नवीनीकरण शामिल है। मेडीकल कॉलेज के जूनियर गर्ल्स हॉस्टल में भी लगभग 9 लाख 63 हजार रूपये के विकास कार्य इस अवधि में हुए हैं। इन कार्यों में विद्युत फिटिंग, सम्पवेल का नवीनीकरण, छात्रावास में लोहे की ग्रिल व रंगाई-पुताई मैस सुधार व छात्रावास परिसर की वाउण्ड्रीवाल का नवीनीकरण किया गया है। कॉलेज के रविशंकर हॉस्टल में लगभग 11 लाख 95 हजार के विकास कार्य हुए हैं।
प्रत्येक छात्रावास को डायनिंग टेबल सहित वाटर कूलर, वाटर प्यूरीफायर, रंगीन टेलीविजन, इनवर्टर व स्टेवलाइजर भी मुहैया कराये गये हैं। इसके अलावा मेडीकल कॉलेज में करीबन 182 लाख रूपये की लागत से सौ शैया का नवीन पी जी. हॉस्टल प्रस्तावित है।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें