संविदा शिक्षक पोस्टिंग की केन्द्रीयकृत व्यवस्था होगी - श्रीमती अर्चना चिटनीस
स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस ने कहा है कि संविदा शिक्षकों की भोपाल में ही केन्द्रीयकृत पोस्टिंग व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जा रहा है। श्रीमती अर्चना चिटनीस के अनुसार उपयुक्त स्थानों पर चयनित होने पर संविदा शिक्षकों द्वारा अन्य पदस्थापना स्थल से नौकरी छोड़ने एवं ऐसे स्कूलों में रिक्त पद हो जाने से शिक्षण कार्य प्रभावित हो जाता है। शासन इस समस्या का हल निकालने के लिए उक्त केन्द्रीयकृत व्यवस्था को लागू करने का प्रयास करेगा। हाल में हरदा में महाविद्यालयीन प्राचार्यों, स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक ले रही थीं।
उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष में सॉफ्टवेयर तैयार कर व्यापम से चयनित उम्मीदवारों को उपयुक्त जिले में भोपाल से ही पोस्टिंग करने की व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार शिक्षकों की हर सहूलियत का ध्यान रख रही है। उनकी समस्याओं के हर-संभव निराकरण के लिए भी सरकार प्रयासरत है।
श्रीमती अर्चना चिटनीस ने कहा कि स्कूलों में पात्र बालिकाओं को नि:शुल्क मिलने वाली सायकिलों का समय-सीमा में वितरण कर दिया जाए। इसी तरह नि:शुल्क गणवेश वितरण में भी गणवेश के कपड़े की गुणवत्ता में शासन के मापदण्डों के अनुरूप ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने निर्देश दिये कि किसी भी स्कूल में शिक्षकों के अभाव में शिक्षण कार्य प्रभावित न हो, आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार अतिथि शिक्षक रखे जाएं। स्कूल शिक्षा मंत्री ने जिला शिक्षा अधिकारियों को प्रत्येक स्कूल में भोजन मंत्र लिखवाने एवं भोजन के पहले छात्रों द्वारा इसका स्मरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें