अंकुर महिला एवं बाल कल्याण समिति द्वारा चिड़ियाघर से वृक्षारोपण अभियान प्रांरभ किया
ग्वालियर दिनांक 10 जुलाई 2008- घर में घरवाली, ससुराल में शाली और शहर में हरियाली अत्यंत महत्वपूर्ण है इनके बिना जीवन निराशापूर्ण है। उक्त उद्गार भा.ज.पा. के राष्ट्रीय महासचिव एवं ग्वालियर से राज्य सभा के सदस्य प्रभात झा द्वारा आज अंकुर महिला बाल कल्याण शिक्षा समिति संस्था द्वारा नगर निगम ग्वालियर द्वारा संचालित चिड़ियाघर में प्रांरभ किये गये वृक्षारोपण अभियान के अवसर पर व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि वृक्ष लगाना हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है साथ ही यह धार्मिक एवं आख्यात्मिक कर्तव्य भी है।
वृक्षों की कटाई काप्रतिशत बढ़ने तथा वृक्षों के पौधारोपण का प्रतिशत घटने से प्रकृति हमसे नाराज भी है और पिछले चार वर्ष से हम लगातार सूखे का सामना कर रहे हैं। विश्वभर में पेड़ों की तेजी कटाई होने से पर्यावरण में आये भारी परिवर्तन के कारण पर्यावरण विशेषज्ञ परेशान हैं। प्रकृति का आनंद लेने के लिये हमें अपने घरों के आसपास बगीचों में पर्याप्त मात्रा में वृक्षारोपण करना चाहिये। इस अवसर पर उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों को संबोधित करते नगर निगम के महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि वृक्षारोपण आज के समय की एक महती आवश्यकता बन गई है। सारी दुनिया में ग्लोबल बार्मिंग से निबटने के लिये पूरी दुनिया के लोग पर्यावरण की रक्षा के लिये प्रयास कर रहे हैं । घटती ओजोन परत के दुष्प्रभावों से बचाने के लिये जन-जन को अपने-अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण करना चाहिये ताकि समय पर वर्षा हो और मौसम चक्र सदैव अनुकूल रहे। उन्होंने कहा कि नगर निगम ग्वालियर शहर को हरा-भरा बनाये रखने के लिये कृत संकल्पित है। अंकुर महिला और बाल कल्याण शिक्षा समिति जैसी संस्थायें नगर निगम के इस संकल्प को पूरा करने के लिये वृक्षारोपण अभियान चला रही है। नगर निगम की ओर से मैं ऐसी संस्थाओं का हमारे पर्यावरण को बचाने के लिये धन्यवाद अर्पित करता हॅूं। कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुये विशेष क्षेत्र प्राधिकरण की अध्यक्ष जय सिंह कुशवाह ने आवाहन किया कि इंदौर की तर्ज पर ग्वालियर में पित्र पर्वत जैसे स्थान विकसित किये जाने चाहिये जहां नागरिक अपने पूर्वजों की स्मृति को अछुन्य रखने के लिये वृक्षारोपण कर सकेंगे। कार्यक्रम को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कृष्ण्ाकांता तोमर ने भी संबोधित किया।
इससे पूर्व अंकुर महिला कल्याण शिक्षा समिति संस्था के तत्वाधान में उपस्थित अतिथि प्रभात झा, विवेक नारायण शेजवलकर, जयसिंह कुशवाह, कृष्णकांता तोमर, अजीत बरैया इत्यादि ने चिड़ियाघर में वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का स्वागत अंकुर महिला कल्याण शिक्षा समिति संस्था के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा शेट्टे, पार्षद राकेश माहौर, मधु भारद्वाज, रेखा धोलाखण्डी, अजीत बरैया, भा.ज.पा. एन.जी.ओ. प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विवेक जोशी, रामकुमार झा, गौरव परिहार ने किया।
संस्था के अध्यक्ष एवं जनकार्य प्रभारी नगर निगम ग्वालियर रविन्द्र सिंह राजपूत ने कहा कि संस्था का लक्ष्य शहर के विभिन्न उद्यानों, डिवाईडरों तथा खाली पड़ी भूमियों पर एक हजार वृक्षों का रोपण करना है इस उद्देश्य की पूर्ति के लिये आज वृक्षारोपण अभियान प्रांरभ किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के उपायुक्त सुरेन्द्र सिंह भदौरिया, डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, चिड़ियाघर के प्रभारी अधिकारी श्री मिठास, चिड़ियाघर अधिकारी नरेन्द्र शर्मा, पशु चिकित्सक डॉ. एस.के. मित्तल उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें