श्रम विभाग द्वारा 1004 हितग्राहियों को 16 लाख से अधिक की राशि वितरित
ग्वालियर 15 जनवरी 09 । सहायक श्रमायुक्त श्री हरिश्चंद्र मिश्रा ने बताया कि जिले में मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण योजना के तहत पिछले तीन साल में अभी तक 1004 असंगठित श्रमिकों को 16 लाख 35 हजार 565 रूपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है ।
श्री मिश्रा ने बताया कि जिले में अभी तक 26 हजार 837 असंगठित श्रमिकों का पंजीयन किया जा चुका है । वर्ष 2006-07 में 15 हजार 229 , 2007-08 में 6 हजार 155 तथा वर्ष 2008-09 में 4453 श्रमिकों का पंजीयन कर परिचय पत्र वितरित किये जा चुके हैं। इन श्रमिकों को प्रसूति, चिकित्सा, दुर्घटना बीमा सहायता के साथ साथ श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति, मेधावी विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार, श्रमिकों की 18 वर्ष की अधिक उम्र की लड़कियों के विवाह हेतु आर्थिक सहायता एवं श्रमिक की मत्यु होने की दशा में अन्त्येष्टि हेतु अनुग्रह राशि सहायता दी जाती है । यह सहायता हर जाति व धर्म के पुरूष एवं महिला श्रमिकों को समान रूप से दी जाती है ।
शासन की श्रमिकों के हितों में चलाई जा रही कल्याणकारी योजना से असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सुरक्षा प्राप्त हुई इससे उनके जीवन में बदलाव आया है । इससे जहां एक ओर उन्हें समाज में सम्मान के साथ जीने का अवसर मिला, वहीं दूसरी ओर उनके जीवन में विशेष अवसर पर तथा संकट के समय एक सहारा भी मिल रहा है । इससे आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रमिकों को संकट के समय एक बड़ी मदद मिल रही है ।
पत्थर तोड़ने के कार्य में लगे असंगठित श्रमिक श्री सुघर सिंह पुत्र देवी राम प्रजापति निवासी गदाई मोहल्ला ने बताया कि शासन की इस योजना के तहत वर्ष 2006-07 में उनकी पुत्री की शादी के लिये 10 हजार रूपये की राशि सहायता मिली थी, जिससे उनकी पुत्री की शादी बिना कोई कर्ज लिये हो सकी ।
इसी प्रकार असंगठित श्रमिक शिवनगर निवासी श्री श्रीराम पुत्र देवीलाल राठौर जो कि टेला चलाने का कार्य करते है को भी पिछले वर्ष उनकी पुत्री के विवाह के लिये इसी श्रमिक कल्याण योजना के तहत आर्थिक सहायता का सहारा मिला, जिससे अपनी बेटी के हाथ पीले करने में कोई परेशानी नहीं हुई ।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें