शनिवार, 17 अप्रैल 2010

पानी सहेजने के लिये सामूहिक रूप से लिया संकल्प , मोहना में जिला स्तरीय जल अभिषेक सम्मेलन सम्पन्न

पानी सहेजने के लिये सामूहिक रूप से लिया संकल्प , मोहना में जिला स्तरीय जल अभिषेक सम्मेलन सम्पन्न

ग्वालियर 16 अप्रैल 10। जिले की जनपद पंचायत घाटीगाँव (बरई) के अन्तर्गत ग्राम मोहना के हायरसेकण्ड्री स्कूल प्रांगण में आज आयोजित हुए जिला स्तरीय जल अभिषेक सम्मेलन में उपस्थित जन समूह ने जल संरक्षण व संवर्धन के काम में तन मन व धन से सहयोग करने का सामूहिक रूप से संकल्प लिया। प्रदेश सरकार द्वारा चलाये जा रहे जल अभिषेक अभियान के तहत यह सम्मेलन जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा देवी गुर्जर के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।

       जिला स्तरीय जल अभिषेक सम्मेलन में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री लक्ष्मण सिंह सोलंकी, जनपद पंचायत घाटीगांव की अध्यक्ष श्रीमती संगीता राठौर, कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा, पूर्व विधायक श्री रामवरन सिंह गुजर्र, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रामसखी आदिवासी व श्री दीपक धाकड़ तथा ग्राम पंचायत मोहना की सरपंच श्रीमती पुष्पा तिवारी समेत ग्राम पंचायत उम्मेदगढ़, बडा गांव, सहसारी व दौरार तथा अन्य समीपवर्ती ग्राम पंचायतों के पदाधिकारीगण, श्री मोहन सिंह राठौर व अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधगण, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री आदित्य सिह तोमर व जनपद पंचायत बरई के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के आर. सोलंकी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने शिरकत की।

       कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने सम्मेलन में मौजूद बड़े कृषकों का आह्वान किया कि वे अपने अपने खेतों पर जल संरचनायें बनाकर ग्रामीणजनों के समक्ष आदर्श प्रस्तुत करें, जिससे गाँव के अन्य निवासी भी अपनी-अपनी क्षमता के अनुरूप जल संरक्षण व संवर्धन में योगदान देने के लिये आगे आ सकें। उन्होंने कहा कि जो कृषक अपने खेतों पर जल संरचनाओं का निर्माण कराना चाहते हैं उन्हें जिला प्रशासन और अन्य विभागों द्वारा पूरी तकनीकी मदद मुहैया कराई जायेगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा ने जल अभिषेक अभियान की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला स्तरीय जल अभिषेक सम्मेलन में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री लक्ष्मण सिंह सोलंकी व जनपद पंचायत घाटीगांव की अध्यक्ष श्रीमती संगीता राठौर ने भी प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी डॉ. बिजय दुबे ने किया।

       जल अभिषेक सम्मेलन में जानकारी दी गई कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में जल अभिषेक अभियान के तहत बनाई गई जिले की कार्य योजना में करीबन 2 करोड़, 70  लाख रूपये से अधिक लागत के कार्य शामिल किये गये हैं। इन कार्यों में पुराने व नये तालाबों का जीर्णोध्दार, वृक्षारोपण, कुण्डी-कुइया, पुरानी बाबड़ी व कुओं का जीर्णोध्दार, पूर्व से मौजूद सिचाई की अधोसंरचनात्मक इकाइयों में सुधार व विस्तार, रूफ वाटर हार्वेस्ंटिग, स्टॉप डेम व नये तालाबों का निर्माण आदि कार्य शामिल हैं।

महुअर नदी पर करीबन 56 लाख रूपये लागत के स्टॉप डेम का भूमिपूजन

       जिला स्तरीय जल अभिषेक सम्मेलन से पहले जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा देवी गुर्जर सहित अन्य अतिथियों ने महुअर नदी पर 55 लाख 77 हजार रूपये की लागत से बनने जा रहे स्टॉप डेम की आधारशिला रखी। कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप ग्वालियर जिले में भी हर विकासखण्ड के अन्तर्गत एक एक नदी को पुनर्जीवित करने का निर्णय लिया गया है। इसी कड़ी में विकासखण्ड घाटीगांव के अन्तर्गत महुअर नदी पर आज स्टॉप डेम का भूमि पूजन किया गया है। उन्होंने बताया इस नदी पर श्रंखला में और भी स्टॉप डेम बनाये जायेंगे, जिससे क्षेत्रीय ग्रामीणों को वर्ष भर सिंचाई व निस्तार के लिये पानी मिल सकेगा। साथ ही इस अंचल के भू जल स्तर में बढ़ोत्तरी भी हो सकेगी।

       महुअर नदी पर बनने जा रहे स्टॉप डेम के शुभारंभ कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री रामवरन सिंह गुजर्र, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री लक्ष्मण सिंह सोलंकी जनपद पंचायत घाटीगांव की अध्यक्ष श्रीमती संगीता राठौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री आदित्य सिह तोमर व जनपद पंचायत बरई के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के आर. सोलंकी व जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी डॉ. विजय दुबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने शिरकत की।

 

कोई टिप्पणी नहीं: