मंगलवार, 23 जून 2009

मीडिया कार्यशाला में हरियाली कार्यक्रम को जन आन्दोलन बनाने की अपील

मीडिया कार्यशाला में हरियाली कार्यक्रम को जन आन्दोलन बनाने की अपील

वृक्षों की सुरक्षा सन्तान की तरह करें - डॉ. बिसारिया

ग्वालियर 22 जून 09। वृक्षों की सुरक्षा सन्तान के समान की जाना चहिये। जिस प्रकार हमारी सन्तान हमारा भविष्य होती है उसी प्रकार भौतिक पर्यावरण जो प्रकृति ने हमें सौंपा है उसके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी हमारी है। उक्त आशय के विचार मुख्य वन संरक्षक डॉ. ए के. बिसारिया ने आज यहां हरियाली कार्यक्रम के प्रभावी अमल की दिशा में आहूत मीडिया कार्यशाला में व्यक्त किये। उन्होंने पर्यावरण में आ रहे बदलाव से उत्पन्न खतरों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के दुष्प्रभाव दिखई देने लगे हैं। इस चुनौती का सामना करने के लिये कई उपाय करने होंगे तथा वृक्षारोपण इस दिशा में बहुत की कारगर उपाय है। उन्होंने आगे कहा कि पौधों की हमारे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका है। सम्प्रेषण माध्यम ही इस बात की जानकारी जन-जन तक पहुँचा सकते हैं। उन्होंने कार्यशाला में उपस्थित मीडिया कर्मियों से वृक्षारोपण के महत्व के साथ साथ  पौधे कहां लगायें, कैसे लगायें व स्वस्थ पौधे कहां उपलब्ध हैं आदि जानकारियां भी जन-जन तक पहुँचा कर हरियाली कार्यक्रम को जन आन्दोलन बनाने की अपील की। डा. बिसारिया ने बताया कि ग्वालियर चंबल संभाग की वन विभाग की नर्सरियों में तीस लाख पौधे तैयार हैं जिनमें आंवला, बांस, सागौन, शीशम, नीम, करंज, जामुन, सीताफल, कटहल, रतनजोत, खम्हेर, शमी, बेल, अमरूद, अशोक, कचनार, चिरहुल, सुबबूल, महुआ, इमली, नीबू, आम सहित कई प्रजाति के ग्राफ्टेड पौधे भी उपलब्ध हैं।     कार्यशाला को संबोधित करते हुए वन संरक्षक श्रीमती समीता राजौरा ने बताया कि हरियाली कार्यक्रम के लिये वन मण्डल को नोडल ऐजेन्सी बनाया गया है। वन मण्डल ग्वालियर नगर को चार जोन में विभाजित कर नगर निगम सहित अन्य विभागों के सहयोग से पौधे विक्रय के लिये उपलब्ध करा रही है। नगर में 'गो ग्रीन ग्वालियर' अभियान चलाया जा रहा है जिसमें दैनिक भास्कर विशेष भूमिका अदा कर रहा है। गो ग्रीन ग्वालियर अभियान में वृक्षारोपण के इच्छुक नागरिकों तक निशुल्क पौधे पहुँचाने की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि इच्छुक नागरिक अभी से अपनी आवश्यकता के पौधे आरक्षित करवा सकते हैं ताकि वर्षा प्रारंभ होते ही वृक्षारोपण कर सकें। उन्होंने गतवर्ष  एस ए एफ. मैदान में किये गये सफल वृक्षारोपण का उदाहरण देते हुए अन्य स्थानों पर इसी तरह के प्रयास करने की बात कही।

      आई आई आई टी एम. के रजिस्ट्रार डॉ. दिलीप कुमार ने कार्यशाला में ग्लोबल वार्मिंग के खतरे को रेखांकित करते हुए हर स्तर पर पर्यावरण की रक्षा के संयुक्त प्रसायों पर बल दिया। उन्होंने सम्प्रेषण माध्यमों से इस दिशा में जागरूकता विस्तार करने तथा नागरिकों को वृक्षारोपण हेतु अभिप्रेरित करने पर बल दिया। कार्यशाला को वन संरक्षक श्री रमन तथा ईको क्लब के समन्वयक श्री जैदी ने भी संबोधित किया। बाद में मीडिया कर्मियों ने तपोवन स्थित नर्सरी में जाकर तैयार पौधों का जायजा लिया तथा पौध रोपण संबंधी व्यवाहारिक जानकारियां भी प्राप्त की। कार्यशाला में भारी संख्या में प्रिंट तथा इलेक्ट्रोनिक मीडिया के नुमाइंदों ने शिरकत की।

 

कोई टिप्पणी नहीं: