सोमवार, 29 जून 2009

नगर निगम चलायेगा विकास दर्शन कार्यक्रम

नगर निगम चलायेगा विकास दर्शन कार्यक्रम

ग्वालियर दिनांक 29.06.2009-  नगर निगम द्वारा शीघ्र ही ए.डी.बी., डी.एफ.आई.डी. तथा हुडको योजनांतर्गत चल रहे करोड़ों के विकास कार्यों की प्रगति से आम नागरिकों को अवगत कराने के लिये विकास दर्शन कार्यक्रम चलायेगा। उक्ताशय की जानकारी निगमायुक्त का कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया प्रेस को जारी विज्ञप्ति में दी गई। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत एक सप्ताह तक प्रतिदिन नगर के विभिन्न व्यवसायिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी, वकील, समाजसेवी और बुद्विजीवी वर्ग के नागरिकों को शहर में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी मौके पर जाकर दी जावेगी।

       इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को विकास की हकीकत से परिचित कराना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से नागरिक भविष्य के ग्वालियर से रूबरू हो सकेंगे। उन्होंने आगे बताया कि एडीबी परियोजना के तहत नगर निगम द्वारा मोतीझील फिल्टै्रशन प्लांट का नवीनीकरण किया जा रहा है तथा तिघरा पर एक नवीन फिल्टै्रशन प्लांट की स्थापना की जा रही है। शहर में 15 उच्च स्तरीय व भू-स्तरीय टंकियों के निर्माण के द्वारा नगर की जल समस्या के स्थाई समाधान हेतु प्रयास किये जा रहे हैं तथा जल वितरण नलिकाओं के बिछाये जाने के बाद शहर की जल समस्या का आगामी 30 वर्ष के लिये स्थाई निदान हो सकेगा। इन योजनाओं की जानकारी भी विकास दर्शन कार्यक्रम के तहत नागरिकों को उपलब्ध कराई जावेगी।

शहर में डी.एफ.आई.डी. योजना के तहत प्रोजेक्ट उत्थान में पेयजल स्वच्छता, सीवेज सिस्टम, सडकों के निर्माण व अधोसंरचना कार्यों के अंतर्गत विभिन्न गंदी बस्तियों में चल रहे निर्माण कार्य तथा पारदर्शी प्रशासन के लिये बनाये गये सिटीजन सर्विस सेन्टर तथा उपनगरीय कार्यालयों की गतिविधियां भी विकास दर्शन कार्यक्रम के तहत नागरिकों को दिखाई जावेगी। इसके अतिरिक्त हुडको योजनांतर्गत 26.42 करोड़ रू. की लागत से शहर के प्रमुख मार्गों का उन्नयन व विकास का कार्य हाथ में लिया गया है।

शहर को कचरामुक्त बनाने के लिये स्थापित किये गये लेण्डफिल साईट इत्यादि का दर्शन भी विकास दर्शन कार्यक्रम के तहत नागरिकों को कराया जायेगा। महापौर विवेक नारायण शेजवलकर के निर्देशों पर बनाया गया इस विकास दर्शन कार्यक्रम जुलाई माह के प्रथम सप्ताह में प्रांरभ होगा जिसके लिये जलबिहार स्थित परिषद कार्यालय से एक बस उपलब्ध कराई जायेगी जो दर्शनार्थियों को निगम की विकास योजनाओं का अवलोकन प्रतिदिन कराकर लायेगी।

 

कोई टिप्पणी नहीं: