प्राथमिक शालाओं के बच्चों के लिए आज विशेष भोज
प्रभारी मंत्री श्री मलैया होंगे भोज में शामिल
ग्वालियर 14 अगस्त 2008। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले की सभी शासकीय एवं शासन से अनुदान प्राप्त प्राथमिक शालाओं में अध्ययनरत बच्चों को मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत विशेष भोज परोसा जायेगा । एस.ए.एफ. ग्राउण्ड पर आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि वाणिज्य उद्योग रोजगार आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री जयंत मलैया पद्मा विद्यालय में आयोजित विशेष भोज में बच्चों के साथ खीर-पूड़ी का आनंद लेंगे । उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त व 26 जनवरी को प्रदेश की सभी शासकीय प्राथमिक शालाओं में उत्सव भोज आयोजित करने का निर्णय लिया है ।
कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने बताया कि 15 अगस्त को मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष भोज में विद्यार्थियों को सब्जी-खीर-पूड़ी अथवा सब्जी-पूड़ी-हलुवा तथा इसके साथ लड्डू का वितरण किया जायेगा । विशेष भोज के सुव्यवस्थित आयोजन हेतु जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समनवयक एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक को निर्देश जारी किये गये हैं। साथ ही विशेष भोज में जन सहयोग प्रदान करने वाले नागरिक तथा जनप्रतिनिधियों को भी अतिथियों के रूप में आमंत्रित किये जाने के लिये निर्देशित किया गया है ।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें