हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनेगी स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ प्रभारी मंत्री श्री जयंत मलैया करेंगे ध्वजारोहण
सभी तैयारियां पूर्ण
ग्वालियर 14 अगस्त 2008
संपूर्ण राष्ट्र और प्रदेश के साथ-साथ आज ग्वालियर में भी स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी । ग्वालियर के एस.ए.एफ.मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग,रोजगार, आवास एवं पर्यावरण और ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री श्री जयंत मलैया मुख्य अतिथि होंगे। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली जाएगी ।
प्रात: 9 बजे एस.ए.एफ. मैदान पर स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम प्रारंभ होगा । आरंभ में मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। इसके साथ ही मुख्य अतिथि एक खुले वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण भी करेंगे । समारोह में प्रभारी मंत्री द्वारा प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया जायेगा । इस अवसर पर जिले के स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों का सम्मान भी किया जाएगा ।
मुख्य समारोह में विशेष आकर्षण परेड के अलावा छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किये जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे । इन सभी कार्यक्रमों की बेहतर प्रस्तुति के लिए विभागीय स्तर पर काफी प्रयास और प्रतिभागियों द्वारा पूर्वाभ्यास किया गया है । कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारियों/कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जायेगा । उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिये है कि वे अपने अपने कार्यालय में प्रात: 7.30 बजे से 8 बजे तक झण्डा वंदन करना सुनिश्चित करें, ताकि सभी अधिकारी कर्मचारी मुख्य समारोह में समय पर उपस्थित हो सकें ।
स्वतंत्रता दिवस एवं रक्षा बंधन पर शुभकामनाएँ
प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग,रोजगार, आवास एवं पर्यावरण और ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री श्री जयंत मलैया, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा तथा वन राजस्व राज्य मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने स्वतंत्रता दिवस एवं रक्षा बंधन के पर्व पर जिला वासियों को बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं । मंत्री गणों द्वारा अपने शुभकामना संदेश में सभी नागरिकों से जिले के विकास, सदभाव, शांति और भाईचारे के वातावरण को बनाये रखने में पूरा सहयोग देने की अपेक्षा की है । जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती धन्नो बाई, कमिश्नर डा. कोमल सिंह एवं कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस और रक्षा बंधन की शुभकमनायें दी हैं ।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें