शनिवार, 13 जून 2009

ग्वालियर के खेल इतिहास में जुड़ा स्वर्णिम अध्याय , राज्य महिला हॉकी अकादमी में अन्तर्राष्ट्रीय मानदंडों के अनुरूप एस्ट्रोटर्फ मैदान का लोकार्पण

ग्वालियर के खेल इतिहास में जुड़ा स्वर्णिम अध्याय , राज्य महिला हॉकी अकादमी में अन्तर्राष्ट्रीय मानदंडों के अनुरूप एस्ट्रोटर्फ मैदान का लोकार्पण

बैडमिंटन स्टेडियम व मलखम्ब व्यायामशाला का हुआ भूमि पूजन

ग्वालियर 12 जून 09। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की दूधिया रोशनीयुक्त एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान सहित राज्य महिला हॉकी अकादमी खेल परिसर के लोकार्पण के साथ ग्वालियर में खेल सुविधाओं के लिहाज से आज एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। इस स्वर्णिम अध्याय की कड़ी के रूप में इसी परिसर में आज इन्डोर वैडमिंटन स्टेडियम व मलखम्ब व्यायामशाला का भूमि पूजन भी हुआ। यहां कंपू स्थित खेल परिसर में उक्त लोकार्पण व भूमि पूजन समारोह लोकस्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री अनूप मिश्रा तथा सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुए। समारोह की अध्यक्षता स्थानीय सांसद श्रीमती यशोधराराजे सिंधिया ने की। खेल एवं युवा कल्याण व पर्यटन मंत्री श्री तुकोजीराव पवार तथा गृह एवं परिवहन राज्य मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक श्री संजय चौधरी तथा नगर के खेल प्रेमी, गणमान्य नागरिक व राज्य महिला अकादमी की खिलाड़ी मौजूद थीं।

      लोकार्पण एवं भूमि पूजन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि आज का दिन खेल के क्षेत्र में ग्वालियर वासियों के लिये बड़ी सौगातें लेकर आया है। यहां स्थापित हुई राज्य महिला खेल अकादमी से निकलीं महिला हॉकी खिलाड़ी देश ही नहीं वरन सम्पूर्ण विश्व में ग्वालियर का नाम रोशन कर रहीं हैं। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार ने भी खेलों को बढावा देने के लिये प्रभावी कदम उठाये हैं। मुख्यमंत्री की पहल पर राज्य शासन ने वर्ष 2006-07 के पश्चात विक्रम अवार्ड प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को नौकरी देने का महत्वपूर्ण फैसला किया है। इसके अलावा खेल बजट को भी 6 करोड़ रूपये से बढ़ाकर 50 करोड़ रूपये कर दिया है। सरकार के यह निर्णय खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में क्रांतिकारी कदम है।

      लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री अनूप मिश्रा ने कहा कि राज्य महिला हॉकी अकादमी के माध्यम से हमारे प्रदेश की प्रतिभाओं को तराशने और निखारने का मौका मिलेगा। उन्होंने खेलों के लिये अधोसंरचना के विकास के साथ साथ खिलाड़ियों को आर्थिक सम्बल देने पर विशेष जोर दिया। श्री मिश्रा ने कहा इस दिशा में हम सब मिलजुलकर खिलाड़ियों को आय के स्थाई साधन दिलाने के लिये गंभीरता से प्रयास करेंगे। राज्य महिला हॉकी अकादमी की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वालीं ग्वालियर की सांसद श्रीमती यशोधराराजे सिंधिया ने कहा कि इस अकादमी ने अपने शुरूआती वर्षों में ही बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में मलेशिया में आयोजित हुई अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में आधे से अधिक खिलाड़ी इसी हॉकी अकादमी के थे। अकादमी की खिलाड़ियों की उत्कृष्ट हॉकी की बदौलत ही भारत की महिला हॉकी टीम विश्वकप के लिये क्वालिफाई कर सकी है। श्रीमती सिंधिया ने कहा कि हॉकी के अलावा इस परिसर में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का इन्डोर बैडमिंटन स्टेडियम व प्रसिध्द उज्जैन पैटर्न पर मलखम्ब अखाड़ा स्थापित होने जा रहा है। बैडमिंटन को बढ़ावा देने के लिये विश्वप्रसिध्द बैडमिंटन खिलाड़ी श्री पुलेला गोपीचंद के साथ जल्द ही करारनामा होने जा रहा है।

      आरंभ में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री तुकोजीराव पवार ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया और प्रदेश सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिये उठाये गये कदमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सभी अतिथियों ने राज्य महिला हॉकी अकादमी की स्थापना में संकल्प के साथ योगदान देने वाली स्थानीय सांसद श्रीमती यशोधराराजे सिंधिया की मुक्तकंठ से सराहना की।

      राज्य महिला हॉकी अकादमी परिसर में तकरीबन सवा तीन करोड़ रूपये की लागत से छात्रावास भवन, दो करोड़ रूपये की लागत से एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान व तीन करोड़ रूपये की लागत से फ्लड लाइट, 25 लाख रूपये की लागत से वॉस्केट वाल, कोट बनवाया गया है। इस परिसर में अब एक करोड़ रूपये की लागत से बैडमिंटन स्टेडियम, 18 लाख रूपये की लागत से मलखम्ब व्यायामशाला व तकरीबन एक करोड़ रूपये की लागत से क्रिकेट अकादमी प्रस्तावित है।