गुरुवार, 11 जून 2009

आठ राष्ट्रीय राज मार्गों के उन्नयन प्रस्ताव स्वीकृत

आठ राष्ट्रीय राज मार्गों के उन्नयन प्रस्ताव स्वीकृत

भोपाल 10 जून 09। मध्यप्रदेश के आठ राष्ट्रीय राजमार्गों के उन्नयन प्रस्तावों को केन्द्र सरकार ने अपनी स्वीकृति प्रदान की है। इसमें से चार राज मार्गों के उन्नयन का कार्य प्रगति पर है। केन्द्र सरकार की डी.बी.एफ.ओ.टी. योजनांर्तगत प्रदेश के आठ राष्ट्रीय राजमार्गों के चयनित 877 कि.मी. लम्बे हिस्सों का दो लेन मय पेव्हड शोल्डर्स के रुप में उन्नयन एवं विकास किया जायेगा।

       इसमेंं से चार राष्ट्रीय राजमार्गों के 457 कि.मी. लम्बे हिस्सों के उन्नयन एवं विकास का कार्य 276.14 करोड़ रुपये की लागत से जारी है। इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 69 (ओबेदुल्लगंज-नागपुर) मार्ग पर 114 कि.मी. लम्बे हिस्से का उन्नयन 74 करोड़ रुपये की लागत से, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 92 (ग्वालियर से उ.प्र. सीमा तक) मार्ग का 108 कि.मी. लम्बा हिस्सा 108 करोड़ रुपये की लागत से, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक सात (रीवा बाय पास से कटनी बायपास) का 103 कि.मी. लम्बा हिस्सा 75.77 करोड़ रुपये एवं राष्ट्रीय राजमार्ग 75 (बमीठा से बेला जक्शन) मार्ग का 132 कि.मी. लम्बे हिस्से का उन्नयन एवं विकास का कार्य 132 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।

       इसके साथ ही केन्द्र सरकार द्वारा मंजूर किये गये प्रस्तावों में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक सात (जबलपुर से लखनादौन) मार्ग के 75 कि.मी. लम्बे तथा राष्ट्रीय राज मार्ग क्रमांक 75 वि. (सीधी से सिंगरौली) के 115 कि.मी. लम्बे मार्ग के उन्नयन कार्य की कार्रवाई जारी हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 12ए (जबलपुर-मंडला-चिल्पी) के 189 कि.मी. लम्बे हिस्से और राष्ट्रीय राज मार्ग क्रमांक 27 (मतगवां से उत्तरप्रदेश सीमा तक) के 52 कि.मी. लम्बे हिस्से के उन्नयन एवं विकास का कार्य योजना के तहत किया जाना प्रस्तावित है। राष्ट्रीय राजमार्गों के उक्त हिस्सों का उन्नयन और विकास हो जाने से यातायात में सुगमता होगी।

 

कोई टिप्पणी नहीं: