बुधवार, 3 जून 2009

कलेक्टर द्वारा चिकित्सालय का औचक निरीक्षण, शासन की योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों को देने पर दिया बल

कलेक्टर द्वारा चिकित्सालय का औचक निरीक्षण, शासन की योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों को देने पर दिया बल

ग्वालियर 2 जून 09। जयारोग्य चिकित्सालय समूह का कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने आज औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनायें जैसे दीनदयाल अंत्योदय उपचार योजना एवं जननी सुरक्षा योजना के तहत पात्र लोगों को मुहैया कराई जा रही सुविधाओं पर विशेष बल दिया। साथ ही जे ए एच. चिकित्सालय समूह में रोगियों को समुचित उपचार करने के निर्देश चिकित्सकों को दिये। इस अवसर पर मेडीकल कालेज की डीन डॉ. शैला सप्रे, भूतपूर्व डीन डॉ. अजय शंकर, डॉ. बी पी. पुरोहित, डा. पी सी. महाजन तथा अन्य चिकित्सक भी मौजूद थे।

       कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने नव निर्मित ट्रोमा सेंटर, गहन चिकित्सा इकाई, पुरूष वार्ड, महिला वार्ड, ई सी जी. कक्ष, प्रसाधन सुविधा, प्लास्टर रूम, स्टोर रूम, डयूटी रूम आदि का निरीक्षण किया तथा संबंधित चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिये। व्यवस्थाओं के संबंध में डीन डॉ. शैला सप्रे ने कलेक्टर को विस्तार से जानकारी दी। ट्रोमा सेंटर के बारे में डीन ने बताया कि 25 प्रतिशत उपकरण आ चुके हैं एवं 75 प्रतिशत के आदेश जारी कर दिये गये हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि दस विस्तर दीनदयाल अंत्योदय उपचार योजना के हितग्राहियों के लिये आरक्षित किये जायें। इन विस्तरों पर तख्ती बनवाकर लगवाई जाय। इसी प्रकार आकस्मिक चिकित्सा ईकाई की व्यवस्था के बारे में वहां के प्रभारी चिकित्सक द्वारा जानकारी दी गई। पुरूष वार्ड के अवलोकन के दौरान गद्दे एवं चादरों की हालत अच्छी नहीं पाई गई, जिन्हें बदलवाने के निर्देश उन्होंने दिये। साथ ही संबंधित ठेकेदार के पैसे काटने एवं दोषी कर्मचारी को नोटिस देकर टर्मिनेट करने के निर्देश दिये। उन्होंने एम एल सी. एवं दुर्घटना के मामलों में एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति पर जोर दिया जो पुलिस के साथ समन्वय का कार्य कर सके। ताकि लोगों को अनावश्यक परेशान नहीं होना पड़े।

       श्री त्रिपाठी ने अस्पताल के पलंग एवं स्ट्रेचर पर पेंट कराने के निर्देश चिकित्सकों को दिये। साथ ही घायल व्यक्ति को वाहन से आई सी यू. तक स्ट्रेचर पर लाने की व्यवस्था करने को कहा। इसी प्रकार महिला एवं पुरूष प्रसाधनो को साफ सुथरा रखने, प्रायवेसी रखने तथा खिड़कियों में मच्छरों की जाली लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने नव निर्मित आई सी यू. के शेष छुटपुट कार्यों को 15 जून तक पूर्ण कराने के निर्देश दिये। श्री त्रिपाठी ने ट्रोमा सेंटर में लगाये गये नये चिकित्सा उपकरण एवं मशीनों को देखा तथा आर्थोपेडिक उपचार शुरू कराने के निर्देश दिये।

       इस अवसर पर कलेक्टर ने बाह्य रोगी विभाग का भी अवलोकन किया। जिसमें उन्होंने विभिन्न विभागों को देखा। कैंसर विभाग में लगाई गई नई कोबाल्ट मशीन को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि इससे मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कैंसर विभाग में मरीजों से भी चर्चा की। इसी प्रकार श्री त्रिपाठी ने पुराने आई सी यू. का अवलोकन किया। इसके संबंध में उन्होंने कहा कि विल्ंडिग पुरानी है, अत: इसका नवीनीकरण कराया जाये। नवीनीकरण होने तक ट्रोमा सेंटर के आई सी यू. में मशीनें शिफ्ट कर दी जायें। साथ ही इसमें और विस्तर बढ़ाने के निर्देश दिये।

 

कोई टिप्पणी नहीं: