गुरुवार, 18 जून 2009

कलेक्टर द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण

कलेक्टर द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण

ग्वालियर 17 जून 09। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को चुस्त-दुरूस्त करने तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न व केरोसिन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी द्वारा विशेष मुहीम चलाई गई है। शासकीय उचित मूल्य की दुकानों पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिनके समक्ष खाद्यान्न एवं केरोसिन का वितरण होता है। साथ ही निगरानी के लिये जोनल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं। स्वयं कलेक्टर भी जिले का सघन दौरा कर उचित मूल्य दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण कर रहे हैं। आज उन्होंने डबरा तहसील की दुकानों का आकस्मिक रूप से जायजा लिया।

      कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने आज खाद्य नियंत्रक श्रीमती ज्योति शाह नरवरिया एवं एस डी एम. श्री अनिल व्यास के साथ डबरा तहसील में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत संचालित प्राथमिक कृषि सहकारी समिति बिलौआ, चन्द्रकांता महिला प्राथमिक उपभोक्ता सहकारी भण्डार बिलौआ, साख सहकारी संस्था लधेरा (लखनपुरा), प्राथमिक कृषि सहकारी समिति सूखापठा, शासकीय उचित मूल्य दुकान मकोड़ा तथा सेवा सहकारी संस्था कल्याणी का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानों पर उपस्थित उपभोक्ताओं से चर्चा की, उनके राशन कार्ड देखे एवं प्रतिमाह ए पी एल., बी पी एल. व अंत्योदय कार्ड पर मिलने वाले राशन व केरोसिन की मात्रा की जानकारी उपभोक्ताओं से ली। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर एवं वितरण रजिस्टर का अवलोकन भी किया। उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें प्रतिमाह निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न व केरोसिन प्रदाय किया जा रहा है। साथ ही वस्तु की निर्धारित दर के अनुसार ही राशि ली जाती है। कलेक्टर ने सेल्स मैन को निर्देश दिये कि सामग्री का वितरण नोडल अधिकारी के समक्ष ही किया जाये। साथ ही निर्देशित किया कि ए पी एल. कार्ड पर 15 किलो प्रति कार्ड के मान से गेंहूँ का वितरण किया जाये।

      श्री त्रिपाठी ने उपभोक्ताओं को बताया कि जिले में समस्त बी पी एल. सूची की जांच पटवारी एवं पंचायत सचिवों से कराई जायेगी। जो लोग अपात्र पाये जायेंगे, उनके सूची से नाम निरस्त किये जायेंगे। साथ ही जो पात्र होंगे उनके नाम बी पी एल. सूची में शामिल कर लिये जायेंगे।

 

कोई टिप्पणी नहीं: