सोमवार, 1 जून 2009

राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर- महिला खेल प्रतिभाओं को निखारने में अग्रणी संस्था

राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर- महिला खेल प्रतिभाओं को निखारने में अग्रणी संस्था

Article Presented By: Zonal Public Relations Office- Gwalior – Chambal Zone

ग्वालियर 31 मई 09। पाँच वीं जूनियर एशिया कप कुऑलालाम्पुर मलेशिया में भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक प्राप्त कर अमेरिका के बोस्टन में आयोजित होने वाली 6 वीं जूनियर विश्व कप प्रतियोगिता के लिये क्वालीफाई कर लिया है। भारतीय टीम में मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी एकेडमी ग्वालियर की 7 महिला खिलाड़ी शामिल थी। जिन्होंने एशिया कप में बेहतरीन प्रदर्शन कर म प्र. राज्य महिला हॉकी एकेडमी को गौरावान्वित किया है।

       म प्र. शासन खेल एवं युवक कल्याण विभाग के अन्तर्गत संचालित म प्र राज्य महिला हॉकी एकेडमी ग्वालियर की 7 खिलाड़ियों का चयन भारतीय महिला हॉकी टीम में 5 वीं जूनियर एशिया कप कुआलालाम्पुर मलेशिया के लिये किया गया था। बड़े गर्व की बात है कि जूनियर विश्वकप अन्डर -21 बोस्टन अमेरिका में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने के लिये भारतीय महिला हॉकी टीम ने पहलीबार क्वालीफाई कर अपना स्थान सुनिश्चित किया है। इस भारतीय टीम में म प्र. राज्य महिला हॉकी एकेडमी ग्वालियर की चयनित खिलाड़ियों में कु. प्रीती सुनीला कीरू, कु. रोजलिन्द राल्ते, कु. ए. मनोरमा देवी, कु. एन. अमूवी देवी, कु. पी. शुशीला चानू, कु. अनुराधा देवी तथा कु. लालरेम राउती शामिल है।

       5 वीं जूनियर एशिया कप कुआलालाम्पुर में 13 से 21 दिसम्बर 08 तक आयोजित किया गया, जिसमें सिंगापुर, जापान, मलेशिया, कोरिया, भारत, चायना ताईपे, चायना, पाकिस्तान तथा थाईलैण्ड सहित कुल 9 देशों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए महिला हॉकी एकेडमी ग्वालियर की अनुराधा देवी एवं मनोरमा देवी ने अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण गोल दाग कर विश्व में म प्र. का नाम रोशन किया। साथ ही एकेडमी की अन्य बालिका खिलाड़ियों ने भी एशिया कप में अच्छे खेल का प्रदर्शन कर राज्य महिला हॉकी एकेडमी को गौरवान्वित किया। भारतीय महिला हॉकी टीम ने आगामी 3 से  16 अगस्त 2009 में आयोजित होने वाली 6 वीं जूनियर विश्व कप बोस्टन अमेरिका के लिये क्वालीफाई किया है। खिलाड़ियों की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, खेल प्रशंसकों, एकेडमी की प्रशासक कु. माधवी शर्मा, प्रशिक्षक श्री परमजीत सिंह ने भारतीय महिला हॉकी टीम सहित ग्वालियर एकेडमी की खिलाड़ियों को हार्दिक बधाईं दी हैं।

       मध्य प्रदेश शासन खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा स्थापित म प्र. राज्य महिला हॉकी एकेडमी ग्वालियर की नींव ग्वालियर में 30 मार्च 2006 को तत्कालीन खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमंत यशोधरा राजे सिंधिया जी द्वारा रखी गई। एकेडमी का निर्माण, जिला खेल परिसर कम्पू लश्कर, ग्वालियर में लगभग 10 करोड़ रूपये लागत से किया गया है। जिला खेल परिसर में हॉकी ग्राउण्ड जो कि फ्लड लाईट युक्त है। इसके अतिरिक्त अन्य खेलों के भी मैदान, इन्डोर हॉल, प्रशासनिक भवन, छात्रावास आदि की व्यवस्था है। एकेडमी में 14 से 18 वर्ष तक की  बालिका खिलाड़ियों का 3 वर्ष के लिये चयन किया जाता है। चयनित खिलाड़ियों को योग्य प्रशिक्षकों द्वारा उच्च स्तर का प्रशिक्षण, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी, आवास, खेल किट, मासिक खेल वृत्ति, शैक्षणिक व्यय एवं भारतीय खेल प्राधिकरण के निर्धारित मापदण्ड अनुसार आहार दिया जाता है। इसके अतिरिक्त स्पोर्ट्स मेडिसन, फिजियोथैरिपी, अत्याधुनिक फिटनेस सेन्टर एवं सर्व-सुविधा युक्त लाईब्रेरी आदि  की सुविधायें दी जाती हैं।

       एकेडमी की परिकल्पना इस उद्देश्य के लिये की गई है, कि इसमें देश की बालिका हॉकी प्रतिभाओं का सही आयु में चयन कर उचित प्रशिक्षण दिया जा सके। देश में हॉकी का अपना एक गौरवशाली इतिहास रहा है। देश के कई अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों ने हॉकी जगत में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। इस परम्परा को कायम रखने के लिए राष्ट्रीय स्तरपर प्रतिभाओं का चयन कर उन्हें आधुनिक एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण देने के लिये इसे अन्तर्राष्ट्रीय मापदण्ड का प्रशिक्षण केन्द्र बनाया जा रहा है। एकेडमी की प्रथम चयन ट्रायल 04 से 06 जून 2006 को आयोजित की गई थी। जिसमें सम्पूर्ण भारत वर्ष से 50 प्रतिशत एवं म प्र. के 50 प्रतिशत बालिका खिलाड़ियों को प्रवेश की योजना के अन्तर्गत खिलाड़ियों का चयन किया गया था। प्रतिवर्ष माह मई जून में हॉकी एकेडमी ग्वालियर में चयन हेतु चयनित ट्रायल का आयोजन किया जाता है। जिसमें खेल कौशल एवं फिटनेस के आधार पर अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक द्वारा ही खिलाड़ियों को चयनित किया जाता है।

       म प्र. राज्य महिला हॉकी एकेडमी ग्वालियर के प्रशिक्षक श्री परमजीत सिंह एस ए आई. हॉकी प्रशिक्षक व मुख्य हॉकी प्रशिक्षक श्री जी. एस. भंगू जी है। श्री भंगू जी द्रोणाचार्य अवार्डी हैं जो अपने आप में एक मिसाल है। एकेडमी की प्रशासक कु. माधवी शर्मा है।

एकेडमी की खिलाड़ियों के कीर्तिमान

       म प्र. राज्य महिला हॉकी एकेडमी ग्वालियर की खिलाड़ियों ने एकेडमी की स्थापना से लेकर अब तक अनेक कीर्तिमान स्थापित किये हैं। यहां की बालिकाओं ने 29 सितम्बर 06 से 3 अक्टूबर 06 तक बालाघाट में आयोजित राज्य स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में ग्वालियर संभाग को विजेता बनाकर गौरान्वित किया। खिलाड़ी जमीला बानो को बेस्ट प्लेयर ट्रॉफी से नबाजा गया। 10 अक्टूबर 06 से 18 अक्टूबर 06 तक दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय नेहरू हाकी प्रतियोगिता में टीम ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। टूर्नामेंट में टीम को बेस्ट पेनल्टी कार्नर का खिताब 25 हजार रूपये की राशि एवं बेस्ट फेयर प्ले अवार्ड से नवाजा गया। राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर दिल्ली में टीम की 7 खिलाड़ियों का चयन भारतीय महिला हॉकी फेडरेशन द्वारा किया गया। 27 अक्टूबर 06 से एक नवम्बर 06 तक दमोह में आयोजित 17 वर्ष बालिका वर्ग शालेय राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में एकेडमी की टीम विजेता रही। एकेडमी की 8 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर देवास के लिये हुआ। इसी प्रतियोगिता में 19 वर्ष बालिका वर्ग की टीम उप विजेता रहीं। इसमें 10 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय शालेय बालिका हॉकी प्रशिक्षण शिविर इन्दौर के लिये किया गया।

       26 दिसम्बर 06 से 29 दिसम्बर 06 तक सांगली महाराष्ट्र में आयोजि राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में एकेडमी की खिलाड़ियों ने तृतीय स्थान दिलाया। 28 जनवरी 07से 02 फरवरी 07 तक इन्दौर मे आयोजित 19 वर्ष बालिका वर्ग शालेय राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगता में एकेडमी की 9 खिलाड़ियों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया और म प्र. के इतिहास में पहलीवार राष्ट्रीय विजेता बनाते हुये समूचे देश में प्रदेश की विजय पताका फहराई 1 अगस्त 07 में थ्री नेशन गेम वू मैन हॉकी इटली में एकेडमी की 6 खिलाड़ियों ने जूनियर भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया। दो बालिका खिलाड़ियों का चयन भारतीय महिला हॉकी टीम में महिला एशिया हॉकी कप हाँग काँग के लिये हुआ। 21 से 25 अगस्त 07 तक अनूपपुर में आयोजित राज्य स्तरीय नेहरू महिला हॉकी प्रतियोगिता में टीम ने लगातार दूसरी बार चैम्पियन शिप जीती। सितम्बर 07 में होशंगा बाद में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय 17 वर्ष महिला हॉकी प्रतियोगिता में टीम चैम्पियन बनी। इसी प्रकार सागर में आयोजित 19 वर्ष बालिका वर्ग में चैम्पियन रहीं।

      10 से 18 अक्टूबर 07 तक दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय नेहरू महिला चैम्पियनशिप में टीम ने इतिहास रचते हुये प्रदेश को पहली बार टूर्नामेंट में तृतीय स्थान दिलाकर गौरावान्वित किया। दिसम्बर 07 में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय शालेय 19 वर्ष बालिका वर्ग हॉकी प्रतियोगिता में एकेडमी की 10 खिलाड़ियों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुये द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कैनबरा आस्ट्रेलिया में 8 से 19 जनवरी 08  तक भारतीय महिला हॉकी टीम में एकेडमी की कु. रोजलिन्द राल्ते एवं कु. मनोरमा देवी का चयन हुआ। 24 से 29 जनवरी 08 तक ओमान में आयोजित महिला हॉकी प्रतियोगिता में देश की टीम में कु. रोजलिन्द एवं कु. मनोरमा देवी का चयन किया गया। जनवरी 08 में इन्दौर मे राज्य स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता मे टीम विजेता रही। ओलम्पिक क्वालीफाईन टूर्नामेंट कजान (रसिया) के लिये भारतीय महिला हॉकी फेडरेशन नई दिल्ली द्वारा फाईनल कोचिग कैम्प लखनऊ के लिये दो खिलाड़ियो का चयन हुआ। इसके अलावा राज्य महिला अकादमी की खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के अनेक प्रशिक्षण कैम्पों के लिये किया गया। शाहबाद कुरूक्षेत्र (हरियाणा) में अक्टूबर 08 में आयोजित राष्ट्रीय नेहरू महिला हॉकी चैम्पियनशिप में टीम ने शासकीय गजरा राजा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुये रजतपदक दिलाया। 12 वीं आल इन्डिया मोहिन्दर प्रताप सिंह ग्रेवाल महिला हॉकी टूर्नामेंट लुधियाना में टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

कोई टिप्पणी नहीं: