बुधवार, 13 जनवरी 2010

केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ग्रुप केन्द्र नयागांव में '' प्रोजेक्ट जननी'' शुभारंभ 14 जनवरी को

केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ग्रुप केन्द्र नयागांव में '' प्रोजेक्ट जननी'' शुभारंभ 14 जनवरी को

ग्वालियर 11 जनवरी 10। कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जन चेतना विकसित करने के लिये समाज के प्रत्येक वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है इसी कड़ी में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान भी नारी कल्याण के क्षेत्र में भागीदारी प्रारंभ कर रहे हैं। केन्द्रीय पुलिस बल की नयागांव स्थित ग्रुप केन्द्र पर 14 जनवरी 2010 प्रोजेक्ट जननी प्रारंभ किया जा रहा है।

      उप महानिरीक्षक केन्द्रिय रिजर्व पुलिस बल ग्रुप केन्द्र ग्वालियर श्री दयाराम से प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला एक धुरी के समान है, जिस पर परिवार का हर सदस्य आश्रित होता है। वह बेटी, बहन, पत्नी और जननी की भूमिका से समाज को पूर्ण बनाती है। समाज की इस धुरी के आधार को मजबूत करने के लिये हमें बालिकाओं को अधिकार देने होंगे ताकि वे आत्म सम्मान से  प्रगति कर सकें और स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। इसके अतिरिक्त समाज से दहेज प्रथा एवं बालिका भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के उद्देश्य से कार्यक्रम कार्यालय पुलिस उप महानिरीक्षक, ग्रुप केन्द्र, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, नया गांव, ए बी. रोड ग्वालियर में 14 जनवरी को प्रात: 11 बजे से होगा।

      इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के परिवारों में एक जनवरी 2009 के बाद जन्म लेने वाली सभी बालिकाओं के लिये स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में पांच सौ रूपये राशि अदा कर रेकरिक एकाउंट केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के माध्यम से खोले जावेंगे, इसके बाद उस बालिका के परिजन प्रतिमाह 250 रूपये की राशि इन खातों में बालिका की 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक जमा करायें जायेंगे। यह राशि 18 वर्ष में 54 हजार रूपये होगी जबकि बालिका को सवा लाख रूपये की एक मुश्त राशि इस खाते से प्राप्त होगी।

      इसके साथ ही केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों के बालक बालिका बिना दहेज के विवाह करने तथा नव विवाहित जवानों द्वारा कभी भी भ्रूण हत्या न करने का संकल्प भी 14 जनवरी को लिया जायेगा। इसी कार्यक्रम में जवानों के परिजनों द्वारा वृक्षारोपण भी किया जायेगा। उक्त कार्यक्रम का मूल उद्देश्य कन्याओं के प्रति सोच में बदलाव लाने का प्रयास करना है।

 

कोई टिप्पणी नहीं: