हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया जायेगा गणतंत्र दिवस कलेक्टर ने अधिकारियों को दायित्व सौंपे
ग्वालियर, 12 जनवरी 09/ जिले में इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस समारोह परंपरागत ढंग से व हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा । मुख्य समारोह 26 जनवरी को यहाँ कम्पू के समीप स्थित एस.ए.एफ. ग्राउण्ड पर आयोजित होगा । समारोह में मुख्य अतिथि संयुक्त परेड की सलामी लेंगे और प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे । इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा कारगिल शहीदों के परिजनों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया जायेगा । स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किये जाने वाले रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभागीय झाँकियां समारोह का मुख्य आकर्षण होंगी । जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी द्वारा मुख्य समारोह की तैयारियों के सिलसिले में आज आज बुलाई गई बैठक में विभिन्न अधिकारियों को समारोह से संबंधित तमाम व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी तैयारियाँ गणतंत्र दिवस की गरिमा को ध्यान में रखकर पूर्ण की जायें । बैठक में आयोजन से संबंधित उप समितियाँ भी गठित की गईं। यहाँ जिला कार्यालय में आयोजित हुई बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी श्री आर.के.जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा, अपर कलेक्टर श्री वेद प्रकाश व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री बी.एस.चौहान सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे ।
मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह के लिए दायित्व निर्धारित करते हुये जिला कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने कहा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन सावधानी पूर्वक करें और इस बात का ध्यान रखें कि कार्यक्रम राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत व भारतीय संस्कृति पर केन्द्रित हों। उन्होंने कहा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय शिक्षण संस्थाओं की भागीदारी प्रमुखता से हो और कार्यक्रमों का अभ्यास भी नियमित रूप से करायें, जिससे समारोह में स्कूली बच्चे बेहतर ढंग से अपने कार्यक्रम प्रस्तुत कर सकें । बैठक में बताया गया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन 16 जनवरी को पदमा विद्यालय में किया जायेगा । इसी दिन से एस.ए.एफ. ग्राउण्ड पर परेड की रिहर्सल होगी । गणतंत्र दिवस समारोह की संयुक्त परेड में इस बार सी.आर.पी.एफ.की टुकड़ी भी आमंत्रित की जा रही है । परेड में सीमा सुरक्षा बल की डॉग स्क्वाड भी शामिल होगी । कलेक्टर ने निर्देश दिये कि गणतंत्र दिवस की परेड में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ स्काउट, गाइड व एन.सी.सी. आदि के बच्चे भी कदम ताल मिला सकें इसके के लिए इनको भी परेड का नियमित अभ्यास कराया जाय ।
समारोह में झाँकियाँ आकर्षण का केन्द्र होंगी
एस.ए.एफ. ग्राउण्ड पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में विभागीय झाँकिया भी आकर्षण का केन्द्र होंगी । यह झाँकियाँ शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं पर केन्द्रित होंगी । जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज आयोजित हुई बैठक में विभागवार झाँकियों की थीम निर्धारित की गई । समारोह में कृषि विभाग की झाँकी - जैविक खेती पर, जेल विभाग की मद्य निषेध, आदिम जाति कल्याण विभाग की वन अधिकार अधिनियम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की निर्मल नीर व स्वच्छता तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की कुपोषणमुक्ति व पोषण पुनर्वास केन्द्रों पर आधारित होगी । समारोह में जिला पंचायत, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन व पुलिस विभाग की झाँकिया भी प्रस्तावित हैं, जो विभागीय विषय वस्तु पर केन्द्रित होंगी ।
उत्कृष्ट कर्मचारी व पंचायतें होंगी पुरस्कृत
गणतंत्र दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को निर्मल ग्राम पुरस्कार से पुरस्कृत किया जायेगा। इसी तरह विभिन्न विभागों में पदस्थ उन अधिकारी व कर्मचारियों को भी मुख्य अतिथि पुरस्कृत करेंगे, जिन्होंने शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट भूमिका निभाई है। जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने कार्यालय प्रमुखों को अपने-अपने विभाग के उत्कृष्ट कर्मचारियों के नाम 22 जनवरी तक संयुक्त कलेक्टर श्री नियाज अहमद खान को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं । उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त तिथि के पश्चात पुरस्कार के लिए प्रस्तावित नाम स्वीकार नहीं किये जायेंगे ।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें