शहर में टेम्पो के स्थान पर चलेंगे टाटा मैजिक
प्रदूषण रोकने के लिए यातायात समिति की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय
ग्वालियर 12 जनवरी 09। ग्वालियर नगर को टेम्पो मुक्त किया जायेगा। नगर में वर्तमान में जो टेम्पो चल रहे हैं उनके स्थान पर टाटा मैजिक आदि ऐसे वाहन चलाने की अनुमति दी जायेगी जो तकनीकी रूप से वायु प्रदूषण रोकने में सक्षम हैं। शहर में वाहनों से हो रहे प्रदूषण पर अंकुश लगाने के मकसद से यह निर्णय जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई यातायात समिति की बैठक में लिया गया है। टेम्पो मालिकों से 20 फरवरी तक टेम्पो के स्थान पर टाटा मैजिक व विक्रम अथवा प्रदूषण रोकने में कारगर अन्य वाहन के परिमिट लेने के लिए कहा गया है। ऐसा न करने पर उनके परिमिट निरस्त कर दिये जायेंगे। यहां राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में आयोजित हुई यातायात समिति की बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री व्ही. के सूर्यवंशी, अपर कलेक्टर श्री आर के. जैन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री एम.एस. वर्मा व क्षेत्रिय परिवहन अधिकारी श्री राठौर सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा बस, ट्रक व टेम्पो यूनियनों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में चल रहे सभी टेम्पो को हटाकर उन्हें ग्रामीण मार्गों पर चलवाया जाय। यह कार्य 20 फरवरी तक पूर्ण कर लिया जाय। कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने जिला परिवहन अधिकारी को निर्देश दिये कि शहर के अन्दर शासकीय योजनाओं के तहत वित्त पोषित टाटा मैजिक व विक्रम वाहनों के परमिट जारी किये जायं। इनके अलावा वर्तमान टेम्पो मालिकों को भी टाटा मैजिक या विक्रम वाहन चलाने की अनुमति दी जाय। यदि टेम्पो वाले शहर में अपने टेम्पो चलाना बन्द नहीं करें, तो उनके परमिट निरस्त कर उन पर पुलिस कार्रवाई की जाय। उन्होंने निर्देश दिये कि मालनपुर के लिये गोला का मन्दिर से टाटा मैजिक चलाने की अनुमति दी जाय। श्री त्रिपाठी ने अधिकारियो को निर्देश दिये कि नगर के जो मार्ग सकरे हो रहे हैं, उनसे अतिक्रमण हटाकर यातायात सुव्यवस्थित किया जाय। ऐसे मार्गों से जप्त किये गये सामान को नीलाम किया जाय। साथ ही ऐसे वाहन जो प्रदूषण फैलाते हैं, उनकी फिटनेस जांच की जाय। उन्होंने कहा कि मोबाइल पर बात करते हुये वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जाय तथा वाहनों पर ओवर लोडिंग को रोका जाये।
बैठक में नगरीय सेवा के वाहनों के किराये में वृध्दि की चर्चा के संबंध में निर्णय लिया गया कि वर्तमान में जो किराया दर है, उसे यथावत रखा जाय। इस अवसर पर बहोड़ापुर से बानमोर मार्ग को बाह्य मार्ग घोषित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही बाह्य मार्गों पर शासकीय योजनाओं के तहत प्रदाय किये गये वाहनों को चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में बिलौआ से आंतरी एवं जौरासी से आंतरी मार्ग पर 10-10 वाहनों के परमिट देने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। इसी प्रकार डबरा तहसील से पिछोर मार्ग पर विक्रम वाहन के परमिट देने का निर्णय लिया गया। बिलौआ एवं आंतरी जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम की सीमा से 10 किलोमीटर रेडियस तक आटो रिक्शा के संचालन हेतु परमिट देने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि ट्रकों के शहर के अन्दर प्रवेश पर प्रात: सात बजे से रात्रि 10 बजे तक नो एन्ट्री रहती है। इस संबंध में कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिये कि शहर के बाहर नो एन्ट्री के जो बोर्ड लगे हैं, उन पर समय भी लिखवाया जाय। इस अवसर पर नगर के अति व्यस्ततम कुछ मार्गों को एकागी मार्ग करने के प्रस्ताव के बारे में निर्णय लिया गया कि 10 दिन तक प्रायोगिक तौर पर यह किया जाय, इसके बाद प्रस्तावित किया जाय, तभी इस पर विचार किया जायेगा। इसी प्रकार आटो एवं अन्य नगरीय सेवा के वाहन चालकों के परिचय पत्र संबंधित थाने से बनबाने का निर्णय लिया गया।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें