अस्पतालों में वृध्दजनों का तत्परता से उपचार करने के निर्देश
ग्वालियर 10 जनवरी 09। राज्य शासन द्वारा 100 दिवसीय कार्य योजना के अन्तर्गत अस्पतालों में वृध्दजनों के उपचार के लिये प्राथमिकता देने के निर्देश दिये गये हैं। शासन के निर्देशों के परिपालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आधिकारी डॉ.अर्चना शिंगवेकर ने सभी खण्ड चिकित्साधिकारी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि जिले के चिकित्सालयों में वृध्दजनों के लिये ओ पी डी. दवा वितरण एवं जाँच हेतु प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्था की जाय।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया है कि शासन की मंशानुसार जिले की चिकित्सा संस्थाओं में वृध्दजनों के लिये ओ पी डी. , दवा वितरण एवं जाँच की पृथक से व्यवस्था की जाय। साथ ही वृध्दजनों के चिकित्सालय में उपस्थित होने पर उनके उपचार के लिये तत्परता से कार्रवाई की जाय। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि वृध्दजनों को उपचार सुविधा प्राथमिकता के आधार पर हो तथा उपचार जांच एवं औषधियों के लिये उन्हें किसी भी प्रकार से अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़े। यह व्यवस्था तत्काल प्रभावशील करने को कहा गया है।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें