लेखाओं का संकलन गुणवत्ता पूर्ण हो - आयुक्त सांख्यकी
अलाभकारी संस्थाओं के सर्वेक्षण से संबंधित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न
ग्वालियर 19 अप्रैल 10। अलाभकारी संस्थाओं के लेखाओं के संकलन से संबंधित सभी बारीकियाँ विस्तार से समझ लें, जिससे इन संस्थाओं का गुणवत्तापूर्ण सर्वेक्षण हो सके। यह बात आर्थिक एवं सांख्यकीय विभाग के आयुक्त श्री एस पी. शर्मा ने आज यहां राज्य स्वास्थ्य एवं संचार संस्थान में आयोजित अलाभकारी संस्थाओं के सर्वेक्षण के सिलसिले में आयोजित हुए प्रशिक्षकों (मास्टर ट्रेनर्स) की राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला में कहीं। कार्यशाला में केन्द्रीय सांख्यकीय संगठन (राष्ट्रीय लेखा प्रभाग) की उप महा निदेशक सुश्री समिता शर्मा व श्री नरेश कुमार तथा योजना एवं सांख्यकीय विभाग के संभागीय संयुक्त संचालक ग्वालियर श्री आर के. झारिया सहित प्रदेश के अन्य संभागों के संयुक्त संचालक मौजूद थे।
आयुक्त आर्थिक एवं सांख्यकीय श्री शर्मा ने कहा कि सवेक्षण की हर स्तर पर और बारीकी से मोनीटरिंग की जायेगी, अत: प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी इस सर्वेक्षण का आकस्मिक रूप से जायजा लेंगे। साथ ही केन्द्रीय सांख्यकीय संगठन के अधिकारी भी इस सर्वेक्षण के सतत संपर्क में रहेंगे। श्री शर्मा ने प्रशिक्षण कार्यशाला के प्रतिभागियों से कहा कि यदि इस सर्वेक्षण के किसी बिन्दु को लेकर कोई शंका हो तो उसका अभी समाधान कर लें।
केन्द्रीय सांख्यकीय संगठन की उप महा निदेशक सुश्री समिता शर्मा ने कहा कि यह सर्वेक्षण मध्यप्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों में भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण दो चरणों में पूर्ण होगा। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण के डाटा संग्रहण में कुल तीन अनुसूचियां उपयोग में लाई जावेंगी। संस्था की पहचान से संबंधित विस्तृत विवरण, संस्था की मुख्य गतिविधि का निर्धारण, विषय क्षेत्र, लेखांकन स्थिति, संस्था का रोजगार संबंधी विवरण व वित्तीय जानकारी का उल्लेख अन्वेषक व पर्यवेक्षक की टिप्पणी आदि की प्रविष्टि सर्वेक्षण के दौरान इन अनुसूचियों में की जायेगी। साथ ही संस्था के गवर्निंग बॉडी के सदस्यों की संख्या व रोजगार प्राप्त व्यक्तियों की संख्या व इनसे संबंधित अन्य जानकारी, संस्था की आय व प्राप्तियाँ, भौतिक सम्पत्तियों में निवेश आदि व्यौरा भी सर्वेक्षण के माध्यम से संकलित किया जायेगा।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें