जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ए के. मिश्रा की अध्यक्षता में जिला निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न
ग्वालियर 19 अप्रैल 10। जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ए के. मिश्रा की अध्यक्षता में आज जिला निगरानी समिति की बैठक का आयोजन जिला न्यायालय में किया गया। बैठक में जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक श्री ए. सांई मनोहर, विशेष न्यायाधीश श्री जे पी. राव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री संजीव कुमार अग्रवाल, रजिस्ट्रार श्री सिध्दार्थ तिवारी सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद थे।
बैठक में जिला न्यायालय भवन में हो रहे कम्प्यूटरीकरण कार्य एवं नवनिर्मित नवीन न्यायालय भवनों के लोकार्पण की रूप रेखा तय की गई। बैठक में निर्देश दिये गये कि कम्प्यूटरीकरण का कार्य एवं नवीन कोर्ट का शेष कार्य व्यवस्थित व यथाशीघ्र पूर्ण किया जाये। बैठक में माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा विशेष अनुमति याचिका में पुलिस प्राधिकारियों को दिये गये निर्देशों का अनुपालन करने, समन व वारंट की समुचित तामील कर नियत दिनांक के पूर्व न्यायालय में प्रस्तुत करने, शासकीय सेवक का स्थानांतरण हो जाने पर उसका नया पता ज्ञात कर उस पर तामीली करने, पुलिस प्राधिकारी का साक्ष्य के लिये उपस्थित होने और धारा 138 पराक्रम्य संलेख अधिनियम की आदेशिकाओं की तामील पर समुचित ध्यान देने पर चर्चा की गई।
बैठक में पूर्व कुटुम्ब न्यायालय स्थित कम्पू के जिला न्यायालय भवन की सुरक्षा व्यवस्था और न्यायाधीशों के आवास के लिये आवंटित भूमि की तार फैंसिंग आदि पर विचार विमर्श किया गया।
बैठक में जेल की महिला बंदियों के बच्चों को रहने के लिये झूलाघर, शहर की यातायात व्यवस्था, जूनियर डॉक्टर को मृत्युकालिक कथन के संबंध में प्रशिक्षण तथा जेल के हवालात का मरम्मत का कार्य आदि को सुव्यवस्थित करने पर भी चर्चा की गई।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें