97 प्रत्याशी चुनाव मैदान में एक दर्जन प्रत्याशियों ने लिए नाम वापस
ग्वालियर 10 नवम्बर 08। जिले के सभी छ: विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 97 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमायेंगे। सोमवार को नाम वापसी के दिन एक दर्जन प्रत्याशियों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। ज्ञातव्य रहे जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 121 उम्मीदवारों ने अपनी नामजदगी के पर्चे दाखिल किये थे, जिनमें से 12 उम्मीदवारों की अभ्यर्थिता जांच में खारिज हो गई थी। इस प्रकार अब एक दर्जन प्रत्याशियों की नाम वापसी के पश्चात 97 प्रत्याशी चुनाव मैदान में शेष बचे हैं। नाम वापसी के पश्चात संबंधित रिटर्रिंग अधिकारियों द्वारा चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं।
संबंधित रिटर्रिंग अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 14 ग्वालियर ग्रामीण में नाम वापसी के पश्चात अब 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में शेष बचे हैं। इस विधानसभा क्षेत्र से सर्व श्री लायक सिंह व प्रेम सिंह ने नाम वापस लिये हैं। इसी प्रकार विधानसभा निर्वाचन 15 ग्वालियर से सर्व श्री जितेन्द्र व रविन्द्र सिंह द्वारा नाम वापसी के पश्चात अब 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान में भाग्य आजमायेंगे। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 16 ग्वालियर पूर्व से किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है, यहां 15 प्रत्याशी शेष बचे हैं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 17 ग्वालियर दक्षिण में नाम वापसी के दिन सर्वश्री जितेन्द्र ढ़ीगरा, हरीश पवार, घनश्याम दास गुप्ता, सुग्रीव सिंह व ह्रिदेश सिंघल ने नाम वापस लिये हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में अब 20 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 18 भितरवार में श्री ओम प्रकाश बघरेटिया की नाम वापसी के पश्चात 16 उम्मीदवार और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 19 डबरा (अजा) में श्री कमल किशोर शाक्य व श्री सुरेश राजे द्वारा नाम वापस लिये जाने के पश्चात 19 उम्मीदवार चुनाव में अपना भाग्य आजमायेंगे।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें