सोमवार, 12 अक्तूबर 2009

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की विकास लहर का लाभ ग्वालियरवासियों को भी मिला : महापौर विवेक नारायण शेजवलकर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की विकास लहर का लाभ ग्वालियरवासियों को भी मिला : महापौर विवेक नारायण शेजवलकर

ग्वालियर दिनांक 11.10.2009- शिवराज सिंह के मुख्यमंत्रित्वकाल में विकास की जो लहर सारे शहर में उठी उसका लाभ ग्वालियरवासियों को भी प्राप्त हुआ। उसी का परिणाम है कि हम आज यह दावा करने की स्थिति में है कि हमने पांच साल पहले जो संकल्प लिये थे उन्हें शतप्रतिशत पूर्ण कर चुके हैं। उक्त उद्गार महापौर विवेक नारायण शेजवलकर द्वारा आज गोला का मंदिर स्थित रचना नगर 17 लाख रू. की लागत से बनने वाली सड़क के भूमि पूजन अवसर पर व्यक्त किये।

       उन्होंने कहा कि शहर में अवैध कॉलोनियों की एक बड़ी संख्या बन गई है। इनमें निवास करने वाले नागरिक कॉलोनाईजर षडयंत्र का शिकार हुये। इन कॉलोनियों में विकास के लिये मुरार क्षेत्र के विधायक ध्यानेन्द्र सिंह, सांसद नरेन्द्र सिंह इत्यादि ने अपनी-अपनी निधियों से टुकड़ों-2 में कार्य कराया, लेकिन इन कॉलोनियों में शतप्रतिशत काम जनभागीदारी से ही पूरे हो सकते हैं। हालांकि नगर में नगर निगम द्वारा जो विकास कार्य किये गये हैं उनसे इन कॉलोनियों को भी भारी लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा पिछले 70 साल में पेयजल के लिये जो प्रयास नहीं किये जा सके। वे प्रयास इन पांच सालों में किये और हमें खुशी है कि उन प्रयासों में हमारी परिषद सफल हुई। उन्होंने बताया कि मोतीझील प्लांट का निर्माण 70 वर्ष पहले हजारों की आबादी के लिये हुआ था आज जबकि ग्वालियर की आबादी 10 लाख के नजदीक पहुंच गई है। ऐसी स्थितियों में नागरिकों को फिल्टर पेयजल पिलाना एक बहुत बड़ी चुनौती थी। नगर निगम द्वारा मोतीझील फिल्टे्रशन प्लांट के नवीनीकरण का कार्य किया गया उसी का परिणाम है कि आमखो टंकी जो निर्माण के बाद भी वर्षों तक हम केवल 6 फुट भर पाते थे आज 16 फुट भर रही है।

       दीनदयाल नगर जैसे सुदुर क्षेत्र में भी मोतीझील फिल्टे्रशन प्लांट के नवीनीकरण के परिणामस्वरूप ही हम पानी दे पा रहे हैं। निगम द्वारा पूरे शहर में 15 बड़ी टंकियां बनाई जा रही है। वार्ड क्र. 25 के लिये मुरार शमशान घाट के पास टे्रचिंग ग्राउण्ड में एक बड़ी टंकी का निर्माण प्रांरभ हुआ है जिसका 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।

लश्कर पश्चिम क्षेत्र के नागरिकों के लिये मोतीझील जैसा ही एक नया फिल्टे्रशन प्लांट तिघरा पर निर्मित किया जा रहा है जो शीघ्र ही कार्य करना प्रांरभ कर देगा। इस फिल्टे्रशन प्लांट से लश्कर पश्चिम और पूर्व के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई होने से ग्वालियर और मुरार को और अधिक पानी मिलेगा। हमारा प्रयास है कि शहर के साठों वार्डों में किसी भी नागरिक को बोरिंग का पानी नहीं पीना पड़े। सभी नागरिकों को तिघरा का शोधित पानी पीने को मिले। उन्होंने कहा कि जमीन का पानी नीचे उतर रहा है इसलिये तिघरा के शोधित जल पर ही हमें भविष्य में निर्भर रहना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि सीवर मिश्रित पानी की समस्या से निबटने के लिये शहर में नई पाईप लाईन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है। अकेले वार्ड क्र. 25 में प्रोजेक्ट उदय के तहत सबसे ज्यादा 25 कि.मी. पाईप लाईन बिछाई गई है। उन्होंने आगे बताया कि नगर निगम द्वारा कॉलोनियों में जहां सड़कों का जाल बिछाया गया हैं वहीं 30 करोड़ रू. खर्च कर शहर के सभी प्रमुख मार्गों को चार लेन मार्गों में परिवर्तित करने का काम तेजी से गतिशील है।

छोटी कॉलोनियों की समस्याओं पर प्रकाश डालते हुये महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि इंदौर में सभी छोटी-बड़ी कॉलोनियों में 80 प्रतिशत से अधिक कार्य जनभागीदारी से होते है। जनभागीदारी में यदि नागरिकों द्वारा 30 प्रतिशत राशि व्यय की जाती है तो नगर निगम 70 प्रतिशत राशि अपने संसाधनों से लगाने को तैयार है।

उन्होंने आगे कहा कि शहर के नागरिकों को सुविधाजनक तरीके से सम्पत्तिकर जमा करने हेतु हमने एम.पी. ऑन लाईन से सम्बध्दता प्राप्त की है इस प्रक्रिया द्वारा कोई भी नागरिक घर बैठे अथवा एम.पी. ऑन लाईन क्यिोस्क पर जाकर अपना कर जमा कर सकता है। उन्होंने आगे कहा कि शीघ्र ही शहर को जवाहरलाल नेहरू मिशन में शामिल किया जा रहा है। इसके पश्चात ग्वालियर शहर भारत के चुनिन्दा 62 नगरों में शामिल हो जायेगा जिसमें पानी, सीवर और यातायात के लिये 2 हजार करोड़ रूपयें मिलेगे।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान परिषद ने भ्रष्टाचार रोकने के अनेक प्रयास किये हैं जिनके तहत पूर्व में अनाप-शनाप खर्चे वाले मद पी.एचई के पम्प रिपेयरिंग, नाला सफाई जैसे कार्य ठेके पर दिये गये हैं। इन कार्यों में वर्तमान परिषद से पूर्व फर्जी फाइलें बनकर अनाप-शनाप भुगतान की शिकायतें प्राप्त होती हैं। हमारी परिषद का यह प्रयास रहा कि भ्रष्टाचार के जो कारण हैं उन्हें कम किया जाये। जवाहरलाल नेहरू मिशन में शामिल होने के बाद शहर में सुंदरता आयेगी तथा मूलभूत सुविधायें उपलब्ध होने से व्यवसायियों का ग्वालियर के प्रति आकर्षण बढ़ेगा जिससे नागरिकों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

महापौर विवेक नारायण शेजवलकर के अतिरिक्त कार्यक्रम को क्षेत्रीय पार्षद हरिओम यादव ने भी सम्बोधित किया तथा क्षेत्र में महापौर विवेक नारायण शेजवलकर द्वारा कराये गये कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर नगर निगम के पार्षद महेश गौतम, कार्यपालनयंत्री प्रेम पचौरी, सहायकयंत्री सुशील कटारे, सहायक आयुक्त श्याम खरे, उपयंत्री प्रदीप वर्मा तथा क्षेत्राधिकारी क्षेत्र क्र. 9 उपस्थित रहे।

 

कोई टिप्पणी नहीं: