शुक्रवार, 8 मई 2009

प्रदेश में समर्थन मल्य पर 13 लाख टन गेहूँ उपार्जित

प्रदेश में समर्थन मल्य पर 13 लाख टन गेहूँ उपार्जित

सुचारू उपार्जन: सहकारिता के 7 वरिष्ठ अधिकारियों को क्षेत्रिय जिम्मेवारी

ग्वालियर, 7 मई 09/ किसानों से गेहूँ उपार्जान की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो इसके लिये सहकारिता विभाग के 7 वरिष्ठ अधिकारियों को संभागीय प्रभारी बनाया गया है । कल इस दिशा में भोपाल में मुख्य मंन्त्री श्री शिवराज सिंह ने प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहँ खरीदी कार्य की दूसरी बार समीक्षा की । सहकारिता मन्त्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने भी दो दिवस पूर्व विभागीय अमले की बैठक लेकर उन्हें पूरी मुस्तैदी से कार्य करने की हिदायतें दी थी । सहकारिता विभाग ने बैठक उपरान्त आदेश जारी कर ग्वालियर एवं चम्बल संभाग का दायित्व संयुक्त आयुक्त सहकारिता श्री प्रकाश खरे को दिया है । प्रदेश के अन्य स्थानों के लिये भी उपार्जन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलवाने की दृष्टि से आधा दर्जन वरिष्ठ अधिकारी तैनात कर दिये गये हैं । संयुक्त आयुक्त स्तर के यह सात अधिकारी अपने दायित्व क्षेत्र के हर जिले में कम से कम पांच-पांच स्थानों पर जावेंगे व उपार्जन कार्य में आने वाली हर दिक्कत का समाधान करेंगे ताकि कृषकों को गेहूँ के भुगतान में कठिनाई नहीं आवे । साथ ही परिवहन एवं बारदाने की भी कोई दिक्कत न हो ।

      ग्वालियर में भी जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने कल गेहूँ उपार्जन कार्यो की समीक्षा की । उन्होंने ने भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इस कार्य में गति लाने के निर्देश दिये । ग्वालियर जिले में 33 स्थानों पर गेहूँ खरीदी का कार्य चल रहा है व अब तक चालीस हजार मी.टन गेहूँ खरीदी जाने की जानकारी प्राप्त हुई है । प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश में अब तक 13 लाख टन गेहूँ खरीदा जा चुका है जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 9 लाख टन ही खरीदा जा सका था । राज्य में सर्वाधिक खरीदी भोपाल संभाग में 7 लाख 83 हजार 620 टन की हुई है । प्रदेश में अब तक किसानों को 1119 करोड़ रूपये की राशि का भुगतान भी किया जा चुका है । उल्लेखनीय है कि इस वर्ष राज्य में गेहूँ की अच्छी पैदावार हुई है व गुणवत्ता की दृष्टि से भी इस बार की फसल बेहतर है । शासन द्वारा गेहूँ का समर्थन मूल्य 1130 रूपये प्रति किंवटल घोषित किया गया है । किसानों को गेहूँ के समर्थन मूल्य के अलावा बोनस भी दिया जा रहा है ।

 

कोई टिप्पणी नहीं: