शनिवार, 11 अक्टूबर 2008

पंचम विशेष राजस्व अभियान का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन

पंचम विशेष राजस्व अभियान का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन

ग्वालियर 10 अक्टूबर 08। प्रदेश सरकार द्वारा राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए चलाये गये पंचम विशेष राजस्व अभियान का ग्वालियर जिले में भी प्रभावी ढ़ंग से क्रियान्वयन किया गया है। अभियान के तहत बड़े पैमाने पर जहां बंटबारा, नामांतरण व सीमांकन प्रकरणों का निराकरण किया गया वहीं खसरा व बी-1 की नकलो का वितरण, सार्वजनिक प्रयोजन के लिए भूमि आरक्षण, नक्शों में तरमीम, भू-अर्जन आदि प्रकरण भी बड़ी संख्या में निराकृत किए गए हैं।

       जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने बताया कि पंचम विशेष राजस्व अभियान के तहत गत एक जुलाई से 15 सितम्बर  तक की अवधि में विवादित नामांतरण के 266 एवं अविवादित नामांतरण के 2 हजार 124 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसी प्रकार विवादित बंटबारे के 60 व अविवादित बंटबारे के 149 प्रकरणों का निराकरण कराया गया। विशेष राजस्व अभियान के तहत कुम्हारों के लिए मिट्टी खोदने हेतु करीबन 144 हेक्टेयर तथा गौशाला के लिए करीबन 187 हेक्टेयर भूमि विभिन्न ग्रामों में आरक्षित की गई है। अभियान के तहत 90 ग्रामों के 155 नक्शों में तरमीम की गई और इस दौरान सीमांकन से संबंधित 384 सीमांकन प्रकरणों का निराकरण कर फील्ड बुक नक्शा प्रदाय किये गये। इस अवधि में विशेष केम्प लगाकर 7 हजार 370 से अधिक अन्य राजस्व प्रकरणों का निराकरण भी किया गया। इस अभियान में कृषकों को वितरित की गईं नि:शुल्क खसरे एवं बी-1 की नकलों के वितरण सहित जिले में सितम्बर माह के अन्त तक एक लाख 85 हजार से अधिक खातेदारों को यह नकलें नि:शुल्क रूप से प्रदाय की जा चुकी हैं।

 

कोई टिप्पणी नहीं: